नई सरकार व नए विधायक से महिलाओं एवं युवाओं को काफी उम्मीदें

भीलवाड़ा. विधानसभा चुनाव इस बार कई मायनों में खास रहा। चुनाव में महिलाओं और युवाओं ने बेहद उत्साह से मतदान किया। यही वजह है कि राजस्थान को पूर्ण बहुमत की सरकार मिली। महिलाओं एवं युवाओं की नई सरकार व शहर के नवनिर्वाचित विधायक से काफी उम्मीदें है। युवाओं का कहना है कि प्रदेश को विकसित राज्य बनाने के लिए प्रदेश सरकार को बड़ा कदम उठाना चाहिए। राज्य में रोजगार बढ़ाने, भ्रष्टाचार मिटाने, उद्योग विकसित करने के लिए पूंजी निवेश बढ़ाने चाहिए।

 

इसी प्रकार समाज के हर वर्ग के विकास के लिए सरकार पांच साल का नया रोड मैप तैयार करे और उसे पूरा करें। शहर की समस्याओं को लेकर भी युवा व महिलाओं ने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने शहर में एक ओर ओवरब्रिज की मांग रखी है।


मुद्दे, जिन पर दिया जाएं ध्यान
नई सरकार को खिलाड़ियों पर विशेष फोकस करना चाहिए। हर जिले में खेल एकेडमी होनी चाहिए। रोजगार तभी बढ़ेगा जब उद्योग खुलेंगे। इसके लिए हर तहसील क्षेत्र में छोटे-छोटे उद्योग खोलने चाहिए ताकि युवा पलायन न करें और आय भी कर सके।
श्वेता टिक्यानी


सरकार को चाहिए कि वे महिलाओं को उनके हाथों में काम दे। इससे जिला और प्रदेश का विकास होगा। इसके लिए जरूरी यह है कि उद्योगों की स्थापना की जाएं। महिलाओं की सुरक्षा बढ़ें इस पर काम होना चाहिए। शहर में आवारा मवेशी काफी है। उन्हें हटाया जाना चाहिए।
अनीता टॉक


शहर की मुख्य समस्या ट्रैफिक जाम की है। इससे तभी छुटकारा मिलेगा जब शहर में एक और ओवरब्रिज बनेगा। शहर विधायक अशोक कोठारी को आगे आकर प्राथमिकता से कार्य कराना होगा। इससे हर व्यक्ति को फायदा होगा। वहीं शहर का सौन्दर्यकरण होगा।
दिलीप शर्मा


किसी भी जिले के विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी, रोजगार, भ्रष्टाचार मुक्त प्रदेश सहित अन्य प्रमुख बिंदू होते हैं। अच्छी शिक्षा पर विशेष जोर देना चाहिए। नवनिर्वाचित विधायक से उम्मीद है कि ये हर तरफ ध्यान देंगे। शहर की निजी कॉलोनियों को चंबल का पानी मिले। इसे प्राथमिकता के साथ काम करना चाहिए।
मनीष चेचाणी


गृहिणी होने के नाते महंगाई कम करने की बात करूंगी। यह तभी संभव है जब प्रदेश में उद्योगों की स्थापना हो। सभी सामान अपने प्रदेश में बनेंगे तो उनकी कीमत भी कम होगी। नई सरकार को भ्रष्टाचार एवं अपराध को खत्म करने के लिए एक अलग विभाग बनाना चाहिए।
शालू मेहता


युवाओं को अगर रोजगार मिल जाएगा तो समस्या दूर हो जाएगी। नई सरकार को हर बिंदु पर पांच साल की योजना बनानी चाहिए। स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, रोजगार भ्रष्टाचार, सुरक्षा प्रमुख है। सरकारी अस्पताल में डॉक्टर है, लेकिन सुविधाएं नहीं। शिक्षा है, लेकिन गुणवत्ता नहीं। खिलाड़ियों के लिए सुविधाएं नहीं।
पूनम बाहेती

शहर में सफाई व्यवस्था गड़बड़ाई हुई है। इसे सुधारना होगा। नगर परिषद के अधिकारियों के साथ बैठक करके समस्या का समाधान करना चाहिए। शहर की कई निजी कॉलोनियों से कचरा तक नहीं उठाया जाता है। इसके कारण वे लोग खाली भूखण्ड पर कचरा डालते हैं।
कैलाश चंद्र



source https://www.patrika.com/bhilwara-news/rajasthan-patrika-s-talk-show-8625773/

Comments

Popular posts from this blog

भीलवाड़ा के 70 वार्डो में पड़े मत प्रतिशत की स्थिति

सरपंच नहीं पटवारी जारी कर सकेंगे उतराधिकारी प्रमाण पत्र

श्रुत पंचमी पर जिनवाणी की निकाली शोभायात्रा