भीलवाड़ा : चार सीटों पर त्रिकोणीय, तीन पर सीधे मुकाबले के आसार

विधानसभा चुनाव में नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन भीलवाड़ा-शाहपुरा जिलों की 7 सीटों की तस्वीर साफ हो गई। हालांकि असल तस्वीर नामांकन पत्रों की जांच व 9 नवम्बर को नाम वापसी के बाद तय होगी लेकिन पर्चा दाखिल कर मैदान में उतरे बागियों व निर्दलीय प्रत्याशियों ने चार सीटों पर मुकाबला त्रिकोणीय बनाने का संकेत दे दिया। तीन सीटों पर दोनों प्रमुख दलों के बीच सीधी टक्कर हो सकती है। नामांकन दाखिले के अंतिम दिन प्रत्याशियों ने बड़े जोश-खरोश के साथ पर्चे भरे और जुलूस के जरिए शक्ति-प्रदर्शन किया।

भीलवाड़ा

भीलवाड़ा विधानसभा क्षेत्र का चुनाव इस बार रोचक दिख रहा है। वर्ष-2018 में भी निर्दलीय व बागियों ने गणित बिगाड़ी थी। इस बार भी निर्दलीय व बागी मैदान में उतरने से दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों को चुनौती मिल गई हैं। भाजपा से विट्ठलशंकर अवस्थी (मौजूदा विधायक) और कांग्रेस से ओमप्रकाश नराणीवाल फिर आमने-सामने हैं। पिछले चुनाव में नराणीवाल निर्दलीय उतरे थे। इस बार निर्दलीय रूप में उतरे अशोक कोठारी भाजपा प्रत्याशी के सामने कड़ी चुनौती पेश कर सकते हैं। कोठारी ने नामांकन दाखिले के समय शहर में बड़ा जुलूस निकालकर ताकत दिखाई।

शाहपुरा

नवगठित जिला मुख्यालय की विधानसभा सीट पर भी मुकाबला त्रिकोणीय होने के संकेत हैं। भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर विधायक कैलाश मेघवाल ने निर्दलीय के रूप में पर्चा भर दिया है। वर्ष-2018 में मेघवाल 74,542 के बड़े अंतर से जीते थे लेकिन इस बार भाजपा ने टिकट काट दिया। भाजपा ने यहां नए चेहरे के रूप में लालाराम बैरवा तो कांग्रेस ने नरेन्द्र कुमार रेगर को उतारा है। बैरवा और रेगर का यह विधानसभा चुनाव है।

सहाड़ा

भाजपा से लादूलाल पितलिया और कांग्रेस से राजेन्द्र त्रिवेदी मैदान में है। यहां से पिछला चुनाव कांग्रेस की गायत्रीदेवी ने जीता था और पितलिया भाजपा के बागी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे थे। इस चुनाव में आरएलपी से बद्रीलाल जाट ने भी नामांकन दाखिल कर चुनौती खड़ी की है। जातिगत आंकड़े सीट का नतीजा प्रभावित कर सकते हैं।

आसींद

भाजपा से जब्बरसिंह सांखला (मौजूदा विधायक) और कांग्रेस से हगामीलाल मेवाड़ा मैदान में हैं। पिछले चुनाव में सांखला ने मेवाड़ा के बेटे मनीष को मात दी थी। इस चुनाव में गुलाबपुरा नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन धनराज गुर्जर की बगावत से भाजपा के समक्ष चुनौती खड़ी हो सकती है। गुर्जर ने आरएलपी से पर्चा दाखिल किया है।

जहाजपुर

यहां पिछले चुनाव की तरह भाजपा से विधायक गोपीचंद मीणा व कांग्रेस से धीरज गुर्जर मैदान में हैं। नामांकन दाखिले में दोनों ही प्रत्याशियों ने जुलूस निकालकर शक्ति-प्रदर्शन किया। यहां भाजपा सीट बचाने और कांग्रेस सीट को छीनने की कोशिश में जुटी है।

मांडलगढ़

यहां मुकाबला विधायक और पूर्व विधायक के बीच रहने के आसार है। भाजपा ने विधायक गोपाललाल शर्मा (खंडेलवाल) को दुबारा व कांग्रेस ने पूर्व विधायक विवेक धाकड़ को फिर मौका दिया। मांडलगढ़ जीतने के लिए दोनों तरफ से ताकत लगाई जा रही है।

मांडल

पिछले चुनावों में यहां बागियों के कारण गणित बिगड़ती रही है। लेकिन इस बार यहां कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल जाट व भाजपा उम्मीदवार उदयलाल भडाणा के बीच सीधा मुकाबला दिख रहा है। भाजपा की पूरी कोशिश यह सीट कांग्रेस से छिनने की है तो कांग्रेस सीट को कायम रखने में जुटी है।



source https://www.patrika.com/bhilwara-news/rajasthan-assembly-election-election2023-bhilwara-election-7-seats-8578950/

Comments

Popular posts from this blog

भीलवाड़ा के 70 वार्डो में पड़े मत प्रतिशत की स्थिति

सरपंच नहीं पटवारी जारी कर सकेंगे उतराधिकारी प्रमाण पत्र

श्रुत पंचमी पर जिनवाणी की निकाली शोभायात्रा