योगी को याद है, भीलवाड़ा का शूटिंग-सर्टिंग

Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में भीलवाड़ा व शाहपुरा आए। यहां उन्होंने कांग्रेस के केन्द्रीय नेताओं को घेरेने के साथ ही गहलोत सरकार पर जमकर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने भीलवाड़ा की सूर्टिंग-शर्टिग से जुड़े वस्त्र कारोबार की भी तारीफ की।

योगी का बुलडोजर

जिले के दौरे पर आए उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने मंगलवार को मोदी, हिन्दुत्व और राममंदिर पर फोकस रखा और भाजपा की विजय होने का संकल्प दिलाया। मोदी सरकार की योजनाओं और उत्तरप्रदेश में माफिया को नेस्तनाबूत करने के लिए चल रहे बुलडोजर का जिक्र भी किया। वहीं अयोध्या में भव्य राममंदिर में रामलला को विराजमान करने की प्राण-प्रतिष्ठा के कार्यक्रम का न्योता देना नहीं भूले।

रामभक्तों की ट्रेन अयोध्या लाएं

कहा-भाजपा प्रत्याशी रामभक्तों की ट्रेन अयोध्या लाएं। हम उनका स्वागत करेंगे। दोनों सभा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। शुरू में योगी के जय सियाराम और वंदे भारत के जयघोष से लोगों में जोश भरा। योगी ने दोनों जिलों की चार सीटों को साधने का प्रयास किया।

भीलवाड़ा की पहचान नहीं भूले

भीलवाड़ा और शाहपुरा में खचाखच पंडाल देख बोले, भीलवाड़ा की शूटिंग-सर्टिंग के बारे में सुना था, लेकिन यहां उत्साह को पास से देखने का भी अवसर मिला। भीलवाड़ा की सभा में सांसद व भाजपा प्रत्याशियों को समीप बुलाया और कहा कि जनता का आशीर्वाद हमारे तीनों प्रत्याशियों को प्राप्त हो जाए और 22 जनवरी 2024 को जिम्मेदारी होगी कि यहां की जनता को अयोध्या लाएं। यहीं बात शाहपुरा में दोहराई।

तीस-तीस मिनट रूके-

शाहपुरा में सुबह 11 बजे से लोग सभास्थल आने लगे। दोपहर 3 बजे योगी पहुंचे। करीब 15 मिनट संबोधित किया। भीलवाड़ा में उदबोधन करीब 16 मिनट रहा। फिर मावली रवाना हो गए। दोनों जगह तीस-तीस मिनट रूके। मंच पर सांसद सुभाष बहेडि़या, विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी, जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा सहित मांडल व सहाड़ा के प्रत्याशी एवं संतगण मौजूद रहे।

बसों व पेड़ों पर चढ़े

योगी को देखने कुछ लोग बसों की छतों तो कई आसपास के पेडों पर चढ़े। भीड़ को देखते आईटीबीपी व पुलिस जवानों ने रूट मार्च किया।

संतों ने लिया आशीर्वाद

दोनों सभा में मंच पर संत मौजूद रहे। भीलवाड़ा में महंत बाबू गिरी, बनवारी शरण, मुरलीशरण, लाला बाबा व रामायणी महाराज ने योगी के चरण छूए और गदा भेंट की। जिलाध्यक्ष मेवाड़ा की अगुवाई में प्रत्याशियों ने 101 किलो फूलों की माला से स्वागत किया। देवनारायण भगवान की तस्वीर, राममंदिर का प्रतीकात्मक मॉडल व शाहपुरा में रामस्नेही सम्प्रदाय की तस्वीर भेंट की गई।

कटआउट लाए, साथ लेकर चले गए

यूपी सीएम योगी की सभा में भीलवाड़ा, सहाड़ा, मांडल के कई कार्यकर्ता भाजपा प्रत्याशियों के कटआउट व झंडे लेकर आए थे। सभा समाप्त हुई तो कटआउट अपने साथ लेकर चले गए। पीएम नरेन्द्र मोदी, यूपी सीएम योगी के कटआउट भी लगाए गए।

लोकल पर कुछ नहीं बोले

सीएम योगी भीलवाड़ा व शाहपुरा में स्थानीय मुद्दों पर कुछ नहीं बोला। लेकिन भीलवाड़ा में शूटिंग व शर्टिंग बनाने का जिक्र करते हुए उत्साह जताया।


भीलवाड़ा व शाहपुरा में सभा के मायने

जिले की भीलवाड़ा, शाहपुरा व सहाड़ा सीट पर भाजपा प्रत्याशियोंं को त्रिकोणीय स्थिति से चुनौती है तो आमने-सामने के मुकाबले के बीच मांडल सीट को कांग्रेस से छीनने की कोशिश है। इसलिए सीएम योगी की सभा में इन चार सीटों के प्रत्याशियों को जीताने पर जोर दिया गया। भीलवाड़ा की सभा में मंच पर भीलवाड़ा, मांडल व सहाड़ा प्रत्याशी को जगह दी गई।



source https://www.patrika.com/bhilwara-news/uttar-pradesh-chief-minister-yogi-adityanath-8601190/

Comments

Popular posts from this blog

भीलवाड़ा के 70 वार्डो में पड़े मत प्रतिशत की स्थिति

भीलवाड़ा का हर दसवां शख्स रोजाना खाता है कचौरी

श्रुत पंचमी पर जिनवाणी की निकाली शोभायात्रा