दीपावली से चुनाव नतीजे तक फोड़े जाएंगे पटाखे
इस बार दीपावली से लेकर चुनाव परिणाम तक पटाखे फोड़े जाएंगे। पटाखा कारोबारी अच्छी कमाई की आस बांधे है। जिले के थोक व्यापारियों ने दीपावली के साथ ही विधानसभा चुनाव के परिणाम पर आतिशबाजी को लेकर बुकिंग करा ली है। धमाकेदार एवं नई वैरायटी के पटाखों की बड़ी खरीद मुख्यतया तमिलनाडु के शिवकाशी से होती है। इसके बाद राज्य में किशनगढ़ , जयपुर व उदयपुर से भी पटाखे आते हैं। जिले में करीब 5 करोड़ से अधिक का व्यापार होने की संभावना है।
आतिशबाजी को लेकर कड़े कायदे कानून होने के बावजूद दीपोत्सव पर जमकर आतिशबाजी होती है। कुछ सालों से ग्रीन आतिशबाजी का चलन बढ़ा है। चीन के पटाखों पर पूर्णत: प्रतिबंध तो नहीं लगा लेकिन चलन कम हो गया। पिछले साल दीपावली पर लगभग तीन करोड़ से अधिक की आतिशबाजी हुई। इस बार दीपोत्सव व सावों की धूम के साथ ही चुनावी माहौल है। ऐसे में आतिशबाजी की बिक्री दुगनी होने की उम्मीद कारोबारियों को है। इसी उम्मीद में जिले के थोक व्यापारी अपने स्टॉक की बुकिंग करा चुके है। शहर के दो बड़े व्यापारी है जो जिले व आस-पास के जिले में भी आतिशबाजी की सप्लाई करते है।
पटाखा व्यवसायी बताते है कि दीपावली पर अमूमन साधारण किस्म की आतिशबाजी की बिक्री होती है, लेकिन शादी समारोह व चुनावों में एक से बढ़कर एक आकाशीय व जमीनी आतिशबाजी होती है। इस बार चुनाव को लेकर खासा उत्साह है। प्रत्याशी के नामों की घोषणा हो चुकी है। अब नामांकन पत्र दाखिल होने का इंतजार है। चुनाव परिणाम में जीत की खुशी के मौके पर अच्छी आतिशबाजी की उम्मीद इस बार है। वह यह भी मानते है कि आतिशबाजी को लेकर सरकार के तय कड़े कायदों से भी उनकी बिक्री प्रभावित होती है।
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/firecrackers-will-be-burst-from-diwali-till-the-election-results-8554034/
Comments
Post a Comment