भीलवाड़ा में वंदे भारत के अभिनंदन को उमड़ा जन

टेक्सटाइल सिटी के बाशिंदों के लिए रविवार खुशियों भरा दिन रहा। राजस्थान की तीसरी सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत रविवार को भीलवाड़ा स्टेशन पहुंची तो अभिनंदन को पूरा शहर उमड़ पड़ा। 110 किमी प्रति घंटे की गति से आई वंदे भारत जैसे ही स्टेशन पर आई, परिसर भारत माता के जयकारों और वंदे मातरम से गूंज उठा। वंदे भारत के स्वागत को स्टेशन पर हजारों लोग मौजूद थे। लोग ट्रेन की एक झलक पाने की बेताब दिखे।


तीस मिनट देरी से आई, उत्साह देख ज्यादा ठहरी
उदघाटन अवसर पर ट्रेन को दोपहर 3.05 बजे भीलवाड़ा पहुंचना था। करीब तीस मिनट देरी से ट्रेन 3.35 बजे पहुंची। स्टेशन पहुंचते ही विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी और नगर परिषद सभापति राकेश पाठक ने लोको पायलट को साफा पहनाया व माल्यार्पण किया। लोगों के उत्साह को देखते ट्रेन सात से आठ मिनट ठहराव के बाद रवाना की गई। रेलवे ने उद्घाटन फेरे में प्रबुद्ध लोगों के साथ जनप्रतिनिधियों को उदयपुर से जयपुर के बीच यात्रा कराई।

दुल्हन की तरह सजाया प्लेटफार्म, केन्द्र की उपलिब्धयां गिनाई
ट्रेन के निर्धारित समय से आधा घंटे पहले भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारियों और लोग स्टेशन आने लगे। रेलवे प्रबंधन ने प्लेटफार्म नम्बर तीन को दुल्हन की तरह सजाया। मंच बनाया और फूलों से स्टेशन सजाया। सांसद सुभाष बहेडि़या, विधायक अवस्थी, सभापति पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, यूआईटी के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण डाड आदि मौजूद थे। ट्रेन के आगमन से पूर्व जनप्रतिनिधियों ने केन्द्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी की उपलिब्धयां गिनाई।

सेल्फी तो बनती है
ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही भीड़ नियंत्रित करने को भीलवाड़ा पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ को मशक्कत करनी पड़ी। लोग मोबाइल से वीडियो बनाने को आगे आने लगे। पुलिसकर्मियों ने उनको ट्रेन से दूर किया। लोगों में ट्रेन के साथ सेल्फी लेने की होड़ मच गई। कोई वीडियो बना रहा था तो कोई फोटो ले रहा था। बच्चों में खास उत्साह दिखा। अजमेर चौराहे और चित्तौड़गढ़ ओवरब्रिज के साथ स्टेशन के फुट ओवरब्रिज पर बड़ी संख्या में लोग जमा था।

बच्चों को यात्रा, खिल गए चेहरे
रेलवे ने वंदे भारत नाम से चित्रकला समेत कई प्रतियोगिता निजी व सरकारी स्कूलों में कराई। इनके विजेता बच्चों को स्टेशन बुला रविवार को पुरस्कृत किया। उसके बाद भीलवाड़ा से करीब पचास स्कूली बच्चों को वंदे भारत में अजमेर तक निशुल्क यात्रा कराई। बच्चों ने सुविधाजनक सफर का लुत्फ उठाया। पहले दिन ट्रेन में यात्रा कर रहे लोग भी खुश नजर आए। भीलवाड़ा में रेलवे ने लड्डू बंटवाए। वहां पहुंचे लोगों को खाना के पैकेट भी दिए।



source https://www.patrika.com/bhilwara-news/people-gathered-to-congratulate-vande-bharat-in-bhilwara-8504971/

Comments

Popular posts from this blog

भीलवाड़ा के 70 वार्डो में पड़े मत प्रतिशत की स्थिति

भीलवाड़ा का हर दसवां शख्स रोजाना खाता है कचौरी

श्रुत पंचमी पर जिनवाणी की निकाली शोभायात्रा