सरपंच के पोते का अपहरण, मारपीट के बाद 30 किमी दूर पटक गए
क्षेत्र के मोड़ का निम्बाहेड़ा की सरपंच के पोते का मंगलवार रात वैन सवार नकाबपोश मांडल के निकट से अपहरण कर ले गए। रास्ते में उससे मारपीट की और 30 किलोमीटर दूर बनेड़ा क्षेत्र में पटक गए। पुलिस ने मारपीट में घायल युवक को भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया। मांडल थाना पुलिस ने अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज किया। देर रात तक पुलिस मामले की छानबीन कर आरोपियों का पता लगाने में जुटी थी।
सहाड़ा एएसपी गोवर्धनलाल खटीक ने बताया कि मोड़ का निम्बाहेड़ा की सरपंच रुकमणीदेवी माली का पौत्र कैलाश (19) बाइक से भीलवाड़ा आ रहा था।
मांडल क्षेत्र में पीछे से वैन में आए कुछ लोगों ने बाइक को टक्कर मारकर कैलाश को गिरा दिया। कैलाश को जबरन वैन में बैठाकर ले गए। मारा-पीटा और बनेड़ा क्षेत्र के बांसा का खेड़ा के निकट पटक गए। जख्मी कैलाश ने परिजनों को सूचना दी। इस पर मांडल पुलिस मौके पर पहुंची। अपहरण की सूचना से पुलिस महकमा हरकत में आ गया। मांडल डीएसपी भी पहुंचे और कैलाश को अस्पताल पहुंचाया।
एएसपी गोवर्धनलाल ने बताया कि युवक से घटना की जानकारी ली है। अपहरण के पीछे कारण क्या रहे इस बारे में पता किया जा रहा है। साइबर सेल के साथ बागोर, करेड़ा और बनेड़ा थानाप्रभारी और मांडल पुलिस जांच में जुटी है। आरोपियों को नामजद करने का प्रयास किया रहा है। उधर, कैलाश के अपहरण की सूचना पर उसके मोड का निम्बाहेड़ा गांव में घर के बाहर ग्रामीण जमा हो गए। परिजनों की रिपोर्ट पर अपहरण का मामला दर्ज किया गया।
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/sarpanch-s-grandson-kidnapped-beaten-and-thrown-30-km-away-8164339/
Comments
Post a Comment