राजस्थान बजट से भीलवाड़ा की उम्मीद को भी लगे पंख
भीलवाड़ा. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत इस सरकार का आखिरी बजट शुक्रवार सुबह 11 बजे विधानसभा में पेश करेंगे। पहली बार बजट से पहले भीलवाड़ा में भी बजट के बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए हैं। इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव भी है। ऐसे में लोगों को उम्मीद है कि बजट में भीलवाड़ा का भी खास ध्यान रखा जाएगा। बजट में युवा, महिलाओं, किसानों और आमजन के साथ नौकरी-पेशा लोगों पर खास फोकस रहेगा। देशभर में टेक्सटाइल सिटी के नाम से विख्यात भीलवाड़ा के लोगों को भी गहलोत के आखिरी बजट से काफी उम्मीदें हैं। महंगाई से राहत देने के लिए पेट्रोल-डीजल सस्ता होने की उम्मीद है। इसके लिए गहलोत पेट्रोल-डीजल पर वैट कम कर सकते हैं। वर्तमान में पेट्रोल पर 31.04 प्रतिशत तथा डीजल पर 19.30 प्रतिशत वैट है। भीलवाड़ा पेट्रोलियम डीलर्स सोसायटी के अध्यक्ष जाकिर हुसैन को भी उम्मीद कि सरकार वैट कम करेगी। भारतीय मजदूर संघ के नेता प्रभाष चौधरी का कहना है कि इस बार संविदा या मानदेय पर नौकरी करने वाले को स्थाई किया जा सकता है।
शहरवासियों को मिल सकते तोहफे
नगर विकास न्यास के अध्यक्ष व जिला कलक्टर आशीष मोदी ने बजट में शामिल करने के लिए कोठारी नदी के सहारे दोनों तरफ सौन्दर्यीकरण के लिए होने वाले 88 करोड़ के कार्य का प्रस्ताव भेजा था। रामधाम चौराहे से सर्किट हाउस तक एलिवेटेड रोड के निर्माण पर 60 करोड़ रुपए व्यय होंगे। इसे भी बजट घोषणा में शामिल करने के लिए प्रस्ताव भेज रखा है। इसी प्रकार डांगी फैक्ट्री से साबुन मार्ग तक एक और आरओबी निर्माण किया जाना है। इस पर पचास करोड़ व्यय होंगे। इस कार्य को भी बजट में शामिल किया जा सकता है। भीलवाड़ा में यातायात का दबाव काफी बढ़ गया है। शहर से पटरी पार आने-जाने वालों को गंगापुर चौराहा पर रेलवे फाटक बंद होने से परेशानी होती है। अंडरब्रिज में भी दिन में कई बार जाम लगता है। इससे राहत पाने के लिए लंबे समय से एक और रेलवे ओवरब्रिज की मांग की जा रही है। डांगी फैक्ट्री से साबुन मार्ग तक आरओबी बनाने के लिए शहरवासी आन्दोलन कर रहे हैं।
जिलेभर में बजट के सीधे प्रसारण की प्रशासन ने की व्यवस्था
राजस्थान बजट को विधानसभा से लाइव देखने की प्रशासन ने समूचे जिले में व्यवस्था की है। कलक्टर आशीष मोदी ने बताया कि जिला मुख्यालय पर कलक्ट्रेट, ऑडिटोरियम, टाउन हॉल तथा अन्य जगहों पर सीधे प्रसारण की व्यवस्था की है। वहीं ग्राम पंचायत स्तर तक बजट के सीधे प्रसारण के लिए अधिकारियों को व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बजट के सीधे प्रसारण के लिए आमजन के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का लाभ उठाएं। इसी तरह उपखंड स्तर, नगर पालिका, ब्लॉक मुख्यालय तथा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर भी बजट का प्रसारण की व्यवस्था की है।
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/bhilwara-s-hopes-also-got-wings-from-rajasthan-budget-8034396/
Comments
Post a Comment