अब क्यूआर कोड से चढ़ेगा चढ़ावा
भीलवाड़ा. भीलवाड़ा के प्रसिद्ध हरणी महादेव मंदिर में अब डिजिटल चढ़ावा चढ़ाया जा सकेगा। मंदिर प्रबंधन ने यहां दानपात्रों में क्यूआर कोड लगाए हैं। इन्हें स्कैन कर ऑनलाइन चढ़ावा दिया जा सकेगा।
भीलवाड़ा के हरणी महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि व सावन माह में बड़ी संख्या में भक्त आते हैं। हरणी महादेव कमेटी के सदस्य महादेव जाट ने बताया कि दान पात्रों पर क्यूआर कोड लगाया है ताकि श्रद्धालु गूगल पे, फोन पे, पेटीएम एवं अन्य गेटवे से चढ़ावा चढ़ा सके। इधर, श्रद्धालुओं ने नई व्यवस्था पर खुशी जताई। एक महिला ने बताया कि डिजिटल पेमेंट किया। कई बार खुले पैसे नहीं होते हैं या नकदी की समस्या होती है। ऐसे में अब यहां श्रद्धानुसार मंदिर को डिजिटल रूप से दान दे सकेंगे।
जाट ने बताया कि हरणी मंदिर में पूजा, अभिषेक आदि करने तथा चढ़ावे की राशि ऑनलाइन दे सकते हैं। असल में पिछले दिनों यहां दर्शन के लिए एक न्यायाधीश आए थे। चढ़ावे के लिए पर्स संभाला, जो वे घर ही भूल आए। उन्होंने मंदिर प्रबंधन से मोबाइल के जरिए ऑनलाइन भुगतान के बारे में पूछा। उन्हें बताया कि मंदिर में यह व्यवस्था नहीं है। इस पर न्यायाधीश ने यह सुविधा शुरू करने की सलाह दी। इसके बाद मंदिर प्रबंधन ने पंजाब नेशनल बैंक से सम्पर्क करके श्री हरणी महादेव मंदिर ट्रस्ट भीलवाड़ा के नाम से क्यूआर कोड़ जारी कराए।
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/now-offerings-will-be-made-through-qr-code-8047018/
Comments
Post a Comment