हमीरगढ़ इको पार्क फिर सुलग उठा
हमीरगढ़ इको पार्क के वन क्षेत्र में रविवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग की लपेटें व धुंआ उठता देखकर आसपास के गांव के लोग सन्न रह गए। कंटीली झाडियों से लेकर पहाड़ी तक आग के विकराल होने से मदद के लिए आसपास गांव के लोग भी वन कर्मियों के साथ पानी के टैंकर लेकर दौड पड़े। नगर परिषद समेत कुल चार दमकलें भी मौके पर आ गई। आग बुझाने के लिए जेसीबी, डम्पर व लोडर भी बुलाए गए। तहसीलदार लोकेश चौधरी, नायब तहसीलदार मुकेश गुर्जर व हमीरगढ़ पुलिस का जाप्ता भी मौके पर आ गया। हालांकि आग पर देर रात काबू पा लिया गया, लेकिन कई हिस्से फिर भी सुलगते रहे।
हमीरगढ़ इको पार्क में गत 12 दिन में आग की दूसरी घटना है। इससे पूर्व 7 फरवरी की रात को यहां टूरिस्ट कैपियन साइड पर टूरिस्ट हट भी आग से नष्ट हो चुकी है। इसी प्रकार पार्क के वन क्षेत्र में भी कई बार आग लग चुकी है।
पीएफए के जिला प्रतिनिधि सत्यनारायण व्यास ने बताया कि इको पार्क के वन क्षेत्र में आग की घटनाएं लगातार बढ़ रही है। संसाधनों का अभाव होने से आग पर काबू पाने में काफी मुश्किलें वन कर्मियों व ग्रामीणों को उठानी पड़ती है। रविवार को भीषण आग से भी बड़ी संख्या में वन्य जीवों के आहत होने एवं वनस्पति को नुकसान पहुंचने की संभावना है।
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/hameeragadh-iko-paark-phir-sulag-utha-8055262/
Comments
Post a Comment