कृषि में 30 फीसदी बिजली की खपत बढ़ी, शहरी क्षेत्र में कटौती
भीलवाड़ा. रबी सीजन में बिजली की मांग करीब 30 फीसदी बढ़ जाने से मांग व आपूर्ति गड़बड़ा गई है। इसके कारण अजमेर विद्युत वितरण निगम को अब शहरी क्षेत्रो में एक-एक घंटे तथा उद्योगों में तीन घंटे की कटौती करनी पड़ रही है। इससे सबसे ज्यादा मार औद्योगिक इकाइयों पर पड़ रही है।
भीलवाड़ा जिले में रबी का फसली सीजन के चलते कृषि कनेक्शन में मांग बढ़ गई है। इसकी आपूर्ति करने के लिए अजमेर डिस्कॉम को बिजली की कटौती करनी पड़ रही है। वही सरकार के निर्देश पर किसानों को वर्ष 2015 तक के सभी डिमांड के आधार पर विद्युत कनेक्शन जारी करने के आदेश दे रखे हैं।
किसानों को बिजली देना चुनौती
निगम के अनुसार रबी का फसली सीजन में बिजली विभाग के लिए किसानों को बिजली देना सबसे बड़ी चुनौती है। इसके कारण बिजली की पूरी सप्लाई देना ताे दूर कटौती की जा रही है। रोस्टर के आधार पर फीडर चलाए जा रहे हैं। किसान लगातार दिन में बिजली की मांग कर रहे हैं। ताकि फसलों में सिंचाई के लिए ट्यूबवैल और पम्प चलाकर पानी दिया जा सके। ग्रामीण क्षेत्र में 3 से 4 घंटे तक बिजली कटौती की जा रही है। लेकिन उन्हें 2 से 3 घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही ।
शीतलहर का प्रकोप
रबी सीजन में सर्दी और शीतलहर का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। किसान को रात में खेत में सर्दी में पानी देने जाना पड़ता है। इससे हर बार हादसे होते हैं। कई किसानों की मौत तक हो जाती है। इनमें शीतलहर, सर्पदंश (सांप डसने), जहरीले कीड़े, जानवर के हमले की घटनाएं शामिल होती हैं।
बिजली विभाग ने की यह व्यवस्था
सरकार के निर्देश पर लगातार कृषि कनेक्शन जारी किए जा रहे हैं। वर्ष 2015 के डिमांड के आधार पर 10 हजार 100 कनेक्शन के मुकाबले 4200 कनेक्शन जारी कर दिए गए। इससे खपत बढ़ गई। जबकि गत साल 1500 कनेक्शन जारी किए थे। बिजली देने के लिए नगर पालिका क्षेत्र में सुबह 6.30 से 7.30 बजे तक नगर परिषद क्षेत्र में सुबह 7.30 से 8.30 बजे तक कटौती की जा रही है। इसके अलावा औद्योगिक इकाईयों में शाम 7 से रात 10 बजे तक तथा कृषि फीडर में 3 से 4 घंटे की कटौती की जा रही है।
किसानों की मांग के लिए कटौती
किसानों की मांग को पूरा करने के लिए अलग-अलग क्षेत्र में बिजली की कटौती की जा रही है। औद्योगिक इकाइयों में तीन घंटे की कटौती कर रहे हैं।
शीशराम, अधीक्षण अभियन्ता अजमेर विद्युत वितरण निगम
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/30-percent-increase-in-electricity-consumption-in-agriculture-7964090/
Comments
Post a Comment