फसल खरीद के सरकारी दावे खोखले, किसान परेशान
भीलवाड़ा. राज्य सरकार व राजफैड दिखावे के लिए मूंग व उड़द की सरकारी खरीद एक नवम्बर से शुरु करने का दावा जरूर कर रही है लेकिन यह दावे जमीनी हकीकत पर खोखले साबित हो रहे हैं। मिर्च मंडी समिति परिसर में खरीद केन्द्र भीलवाड़ा क्रय-विक्रय सहकारी समिति है लेकिन तुलाई केन्द्र पर व्यवस्था नहीं होने से किसानों को भटकना पड़ रहा है।
किसानो ने बताया कि तुलाई के लिए पल्लेदार भी नहीं है। इस प्रकार सरकारी मूंग व उड़द खरीद केन्द्र 10 दिन बीत जाने के बाद भी अव्यवस्थाओं की उलझन से बाहर नहीं निकल पाया। राजफैड से टोकनधारी किसानों के पास मोबाइल पर जब तुलाई का मैसेज आता है तब उसे पढ़कर चेहरे पर खुशी छा जाती है लेकिन अगले दिन जब वह किसान फसल लेकर या पूछताछ करने जाता है तब उसकी प्रसन्नता जिम्मेदारों से यह सुनकर काफूर हो जाती है कि बारदाना व पल्लेदार नहीं है, बाद में आना। किसान जब पूछता है कि कब आना है तो जबाव मिलता है कि हम फोन कर देंगे।
अव्यवस्थाओं के कारण 25 में से एक किसान भी नहीं पहुंचा
खरीद केन्द्र की अव्यवस्था की खबरें सुनकर किसान खरीद केन्द्र पर फसल लाने से किनारा करने लगे हैं। इसका जीता-जागता नमूना है कि अब तक 25 किसानों की लिस्ट जारी हो चुकी है। लेकिन उनमें से एक किसान भी खरीद केन्द्र पर नहीं पहुंचा है। केन्द्र के प्रभारी रामेश्वरलाल तेली ने बताया कि केन्द्र पर सभी व्यवस्थाएं हैं, लेकिन अब तक कोई भी किसान अपनी फसल लेकर यहां नहीं आया है।
समर्थन मूल्य
फसल भाव
उड़द 6600 रुपए प्रति क्विंटल
मूंग 7755 रुपए प्रति क्विंटल
मूंगफली 5800 रुपए प्रति क्विंटल
सोयाबीन 4300 रुपए प्रति क्विंटल
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/government-claims-of-crop-purchase-hollow-farmers-upset-7861586/
Comments
Post a Comment