50 करोड़ की खरीदारी से मुस्कुराया बाजार
भीलवाड़ा. शहर में मंगलवार को पुष्य नक्षत्र पर बाजारों में रौनक रही। खरीदारों की भीड़ उमड़ी। शहर में धनतेरस से पहले धन बरसा। कारोबारियों की मानें तो 50 करोड़ से अधिक की खरीदारी हुई। खास तौर पर सोना-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल्स, रियल एस्टेट आदि में ज्यादा रूझान देखा गया। बाजार में खरीदारी से कारोबारी गदगद नजर आए।
शहर के बाजार मंगलवार को स्थानीय एवं ग्रामीण खरीदारों से भरे नजर आए। नेताजी सुभाष मार्केट, स्टेशन रोड, गोल प्याऊ चौराहा, बालाजी मार्केट, गांधी बाजार, प्रताप टाॅकिज रोड, इंदिरा मार्केट, गुलमण्डी, सर्राफा बाजार में अच्छी खासी भीड़ रही। इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों के शोरूम पर एलईडी, वॉशिंग मशीन, फ्रिज की बिक्री ज्यादा हुई।
सफाई के बाद अब खरीदारी
घर की साफ-सफाई के बाद महिलाएं अब खरीदारी के लिए निकलने लगी है। बाजार में महिला खरीदारों की संख्या ज्यादा नजर आई। महिलाएं घर-आंगन को रोशन करने के लिए दीये आदि खरीदती नजर आई। आजाद चौक में दिन भर ग्राहकों का रैला रहा। कई बार चौपहिया वाहन के मार्केट में आने से जाम के हालात बने। इससे ग्राहकों के साथ व्यापारी भी परेशान होते रहे।
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/the-market-smiled-with-the-purchase-of-50-crores-7828071/
Comments
Post a Comment