Kabaddi in Congress : राजनीति की कबड्डी में गहलोत माहिर खिलाड़ी, उन्हें कोई नहीं हरा सकता

भीलवाड़ा.

राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक के ब्लॉक स्तरीय खेल स्पद्र्धाओं के समापन पर भीलवाड़ा के बिगोद व चित्तौडगढ़़ जिले के निम्बाहेड़ा पहुंचे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंजे हुए खिलाड़ी व रेफरी के रूप में खुद को पेश किया। मुख्यमंत्री गहलोत एवं सरकार के मंत्रियों ने न केवल कबड्डी के मैच खेले बल्कि मुख्यमंत्री ने तो व्हिसल बजाकर रेफरी तक की भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री के इस अंदाज पर सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने अपने भाषण में यहां तक कह दिया कि इन दिनों खेल का सीजन है। ग्रामीण क्षेत्र में कबड्डी बहुत ही लोकप्रिय खेल है। इसी तरह राजनीति की कबड्डी में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत माहिर खिलाड़ी है और उन्हें राजनीति की कबड्डी में कोई नहीं हरा सकता।

दोनों ही कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री गहलोत ने हॉर्स ट्रेडिंग का जिक्र करते हुए केन्द्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर हमला बोलते हुए उनको झूठ का पुलिंदा बताया।

उन्होंने कहा कि पूरे राजस्थान में ग्रामीण ओलंपिक खेल की शानदार पहल हुई है। ऐसा आयोजन देश ही नहीं बल्कि दुनिया में कहीं पर नहीं हुआ। इस आयोजन पर करीब चालीस करोड़ रुपए का खर्च हुआ। नवंबर-दिसम्बर में शहरी ऑलोम्पिक का आयोजन कराया जाएगा। सभा को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास, राजस्व मंत्री रामलाल जाट, राजस्थान बीज निगम अध्यक्ष धीरज गुर्जर समेत कई नेताओं ने सम्बोधित किया।

हर जिले में बनेगा खेल स्टेडियम -

मुख्यमंत्री ने निम्बाहेड़ा में जिला चिकित्सालय का वर्चुअल शिलान्यास भी रिमोट दबाकर किया। मंत्री उदयलाल आंजना की मांग पर निम्बाहेड़ा में आईटीआई खोलने एवं निम्बाहेड़ा महाविद्यालय में एमकॉम संकाय शुरू करने की घोषणा करते हुए कहा कि बाकी मांगों के लिए बजट का इंतजार करो। इस मौके पर उन्होंने हर जिला स्तर पर खेल स्टेडियम बनाने की घोषणा भी की।

तीन मंत्रियों ने खेली कबड्डी, सीएम बने रेफरी-

निम्बाहेड़ा में समारोह के बाद मुख्यमंत्री ने अरनिया पंथ एवं जावदा की टीम के खिलाडिय़ों से परिचय लिया और कबड्डी मैच की शुुरूआत की। इस दौरान मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास, सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना, खेल मंत्री अशोक चांदना एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने भी कबड्डी खेली। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत रैफरी के रुप में नजर आए और टॉस कराकर खेल की शुरूआत की। इसी तरह बिगोद में भी मैच में गहलोत व्हिसल बजाकर रैफरी की भूमिका में नजर आए।



source https://www.patrika.com/bhilwara-news/gehlot-specializes-in-politics-s-kabaddi-no-one-can-beat-him-7773442/

Comments

Popular posts from this blog

भीलवाड़ा के 70 वार्डो में पड़े मत प्रतिशत की स्थिति

सरपंच नहीं पटवारी जारी कर सकेंगे उतराधिकारी प्रमाण पत्र

श्रुत पंचमी पर जिनवाणी की निकाली शोभायात्रा