सर्राफा व्यापारी से लूट का राज खुला, मुख्य आरोपी जयपुर से गिरफ्तार
क्षेत्र के गाडरीखेड़ा के पास बारह दिन पूर्व फार्म हाउस से लौट रहे सर्राफा व्यापारी उच्चबलाल सोनी पर हमला और लूट के मामले का शनिवार को खुलासा किया। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। उसे बापर्दा रखा है। क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति के पास हुबूहु हथियार मिलने से सरगना हत्थे चढ़ा। पुलिस ने साथी से भी पिस्टल बरामद कर आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार किया। लूट के मामले में तीन जने अभी फरार हैं।
थानाप्रभारी राजकुमार नायक ने बताया कि 9 अगस्त को कोटड़ी के सर्राफा व्यवसायी व मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज के जिलाध्यक्ष उछबलाल सोनी (67) गाडरीखेड़ा में फार्म हाउस से रात आठ बजे बाइक से कोटड़ी आ रहे थे। गाडरीखेड़ा-जसवंतपुरा के बीच कच्चे रास्ते के पास बाइक सवार ने व्यापारी को रोका व देसी पिस्टल से एक राउंड हवाई फायर किया। व्यापारी ने पिस्टल छीनने की कोशिश की। आरोपी व्यापारी के सिर पर बट मारकर चेन छीन भागा व भागते समय एक राउंड हवाई फायर भी किया। छीना झपटटी में आरोपी देसी पिस्टल मौके पर छोड़कर भाग गया था। पुलिस ने मामले में अनुसंधान के बाद लूट और हमले के आरोप में कोटड़ी क्षेत्र के रीठ निवासी रविन्द्रसिंह को गिरफ्तार किया।
हथियार ने कराई पहचान, यों चढ़ा हत्थे
सीआई नायक ने बताया कि वारदात के बाद मौके पर मिले हथियार और आरोपी को लेकर अनुसंधान किया गया। मुखबिर से सूचना मिली कि गेंहुली के ईश्वरसिंह के पास घटनास्थल पर मिले जैसा हथियार हो सकता है। पुलिस ने ईश्वर को हिरासत में लिया। तलाशी में उससे देसी पिस्टल मिली। उससे हथियार रखने और बेचने के बारे में पूछताछ हुई। कड़ी से कड़ी जोड़ी तो सामने आया कि रविन्द्रसिंह ने सर्राफा व्यापारी के साथ लूट की। पुलिस ने जयपुर से रविन्द्र को हिरासत में लिया।
पहले से परिचित था, रैकी कर वारदात
पूछताछ में सामने आया कि रविन्द्र व्यापारी और उनके फार्म हाउस को जानता था। रविन्द्र ने व्यापारी के आने-जाने के रास्ते की पहले रैकी की। 9 अगस्त को व्यापारी को फार्म हाउस पर जाते देख लिया। पीछे पीछे फार्म हाउस तक गया। फार्म हाउस से निकलने का इंतजार करता रहा। जैसे ही व्यापारी निकलेे। रविन्द्र पीछे लग गया। मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया। लूट में उम्मेदसिंह जी खेड़ा (कोटड़ी) निवासी देवराजसिंह राजूपत, राजनोता (जयपुर ग्रामीण) निवासी प्रदीपसिंह राजपूत तथा कोटड़ी निवासी गणेश उर्फ जीके साहू की तलाश है। आरोपी रविन्द्र ने 12 मई को सवाईपुर क्षेत्र में पेट्रोल पम्पकर्मी के साथ दो लाख आठ हजार रुपए की लूट का भी खुलासा किया है। इस वारदात को रविन्द्र के साथी देवराज और प्रदीप ने मिलकर की। पुलिस ने दो पिस्टल और लूटे गए सोने के गहने बरामद किए।
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/secret-of-robbery-from-bullion-trader-exposed-main-accused-arrested-f-7723073/
Comments
Post a Comment