सात करोड़ में बनेगी 16 सड़कें, लेकिन दीपावली बाद
भीलवाड़ा नगर परिषद क्षेत्र की बदहाल सड़कों के हालत सुधरेंगे। राज्य सरकार ने सात करोड़ के प्रस्ताव मंजूर कर दिए, लेकिन भीलवाड़ा के बाशिंदों को राहत दीपावली के बाद ही मिल पाएगी। यहां बताते चले कि बीते पांच साल से एक भी सड़क न तो बनी है और न ही नवीनीकरण हुआ। इसके पीछे मुख्य वजह नगर परिषद और नगर विकास न्यास का आपसी झगड़ा है। इसका खमियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है।
भीलवाड़ा शहर की सड़कों की समय पर मरम्मत नहीं होने से कई जगह छोटे-बड़े गड्ढे हो गए। इससे न केवल वाहन चालक बल्कि राहगीर भी परेशान हैं। मालूम हो, राजस्थान पत्रिका समाचार शृंखला के जरिये प्रमुखता से जिले व भीलवाड़ा शहर के खस्ताहाल सड़कों और लोगों की पीड़ा उजागर कर रहा है। इधर, संबंधित विभाग दावा कर रहे हैं कि बारिश रुकते ही पेचवर्क शुरू कर दिया जाएगा। जिन विभाग में सड़कों के नवीनीकरण को लेकर टैण्डर हो चुके हैं, उनका काम भी शुरू हो जाएगा। वहीं सार्वजनिक निर्माण विभाग ने बजट घोषणा के मुताबिक जिन 16 सड़कों के प्रस्ताव बना सरकार को भेजे थे, उनको मंजूरी मिल गई है। इन 16 सड़कों का काम दिवाली बाद शुरू होने की संभावना है। इन पर सात करोड़ रुपए खर्च होंगे। इनके टैण्डर अब होंगे।
वार्ड, जहां बनेंगी सड़कें
- वार्ड नंबर 1 : कच्ची बस्ती सामुदायिक भवन से बाइपास-18 लाख रुपए
- वार्ड नंबर 1 : बाइपास के पास पानी की पौ से तलाई के झुझार तक- 50 लाख रुपए
- वार्ड नंबर 3: हनुमान मंदिर वाया शिव मोक्षधाम पुर मुख्य सड़क तक- 15 लाख रुपए
- वार्ड नंबर 3: बलिया खेड़ा से कोचरिया रोड पर परिषद सीमा तक- 33 लाख रुपए
- वार्ड नंबर 4 : बाईपास रोड़ पुर से क्रेशरसिंह के स्थान तक-18 लाख रुपए
- वार्ड नंबर 4: चुंगी नाका से खातोला तक एवं शाकभ्भरी माता मंदिर के पीछे व आसपास की गलियां- 33 लाख रुपए
- वार्ड नंबर 5: सिद्धार्थ नगर से रीको पम्प होते बिलियाखुर्द होते पुर रोड तक- 26 लाख रुपए
- वार्ड नंबर 6: बिलिया रीको रोड से श्मशान तक- 22 लाख रुपए
- वार्ड नंबर 9: बड़ौदा राजस्थान ग्रामीण बैंक बापूनगर से देवनारायण सर्कल होते मयूर स्कूल तक-50 लाख रुपए
- वार्ड नंबर 9: बापूनगर में विभिन्न सड़कें- 20 लाख रुपए
- वार्ड नंबर 11: बापूनगर में विभिन्न सड़कें- 40 लाख रुपए
- वार्ड नंबर 24: कांवाखेड़ा के आगे से गुजराती बस्ती के नाले तक-135 लाख रुपए
- वार्ड नंबर 27: रेलवे अंडरपास से अरिहन्त अस्पताल, सुपार्श्वनाथ सर्किल से होते कनक पेट्रोल पम्प मुख्य सड़क तक-175 लाख रुपए
- वार्ड नंबर 24: एफसीआई गोदाम से लेकर कब्रिस्तान तक- 22 लाख रुपए
- वार्ड नंबर 56: सामुदायिक भवन कीरखेड़ा से चारभुजा मंदिर तक-17 लाख रुपए
- बाइपास से काबरड़ी माताजी से भैरूनाथ से नौगावा सड़क तक 25 लाख रुपए।
कम से कम दो माह लगेंगे
बजट घोषणा के तहत 7 करोड़ रुपए के प्रस्ताव भेजे थे, उनको मंजूरी मिल गई है। अब टैण्डर प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं। इसमें कम से कम दो माह लग जाएंगे। काम दीपावली के बाद ही शुरू हो पाएंगे।
प्रेमराज मीना, अधीक्षण अभियन्ता, सार्वजनिक निर्माण विभाग भीलवाड़ा
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/16-roads-will-be-built-in-seven-crores-but-after-diwali-7737096/
Comments
Post a Comment