छत पर सोया परिवार, नीचे चोर जेवरात व नकदी चुरा ले गए
बरसनी।
शंभूगढ़ थाना क्षेत्र की बरसनी कस्बे की नई आबादी में सोमवार रात चोर एक मकान से करीब 6 तोला सोने व 5 किलो चांदी के जेवरात चुरा ले गए। थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद ने बताया कि नई आबादी निवासी गोपाललाल खारोल बिजली नहीं आने के कारण परिवार सहित छत पर सो रहे थे। मौका पाकर चोर एक कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुसे। कमरे के अंदर गेहूं के बक्से में स्टील के डिब्बे में रखी रामनवमी, मांदलिया, सोने के मोतियों का सेट सहित करीब छह तोला वजन व पांच किलो चांदी के जेवरात चुराकर ले गए। गोपाल जब सुबह नीचे आया तो कमरे का ताला टूटा देखा तो उसके होश उड़ गए।
मौके पर ग्रामीण एकत्रित हो गए। शंभूगढ़ थाने में चोरी की सूचना दी। थाना अधिकारी जगदीश प्रसाद, एसआई श्यामसुंदर मय जाप्ते के मौके पर पहुंचे तथा चोरी की घटना की जानकारी ली। पीड़ित परिवार ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर व सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच कर रही है।
तीन घरों के टूटे ताले, लाखों का माल पार
बिजौलियां. कस्बे में सोमवार रात चोरों ने पांच घरों के ताले तोड़ दिए। तीन घरों से नकदी समेत लाखों का माल पार कर लिया। चार बाइक भी चुरा ले गए। इनमें एक बाइक पेट्रोल खत्म होने पर रास्ते में पटक गए। चोर नकाब पहने और हथियार लेकर आए थे। वारदात के दौरान कमरों की कुंडिया लगाकर परिवारों को कैद कर दिया। इस सम्बंध में थाने में मामला दर्ज कराया गया।
पुलिस के अनुसार बिजौलियां निवासी गायत्री सिसोदिया ने बताया कि वह और बेटी कमरे में सो रहे थे। देर रात छत के रास्ते चोर कमरे में घुसे। घर में किराएदारों के कमरों के बाहर कुंदी लगा दी। कमरे में रखी अलमारी को अंट लगा खोला व 15 हजार नकद व सोने-चांदी के गहने ले गए। मेन गेट अंदर से बंद कर दिया। तड़के नींद खुलने पर गेट खोलने की कोशिश की तो नहीं खुला। इसी तरह कॉलोनी में गोली-बिस्कुट की दुकान लगा रहे सत्यनारायण हुक्कादार की केबिन का भी ताला तोड़ दिया। यहां से सिगरेट के पैकेट और नकदी ले गए। निकट रहने वाले बाबू नलवाया की बाइक चुराई लेकिन पेट्रोल खत्म होने पर रास्ते में छोड़ गए।पंचायत समिति के नजदीक रहने वाले छीतर प्रजापत की बाइक भी चुराई। लाली देवी के घर से भी सोने-चांदी के गहने व अन्य सामान ले गए। पास रहने वाली मदीना ने बताया कि वह और उसकी बेटी छत पर सो रहे थे। देर रात काले मुंह पर कपड़ा डाले कुछ लोगों के हाथों में लाठियां देखी थी। उनको देखा भी, लेकिन डर के कारण कुछ बोल नहीं पाई।
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/jewelery-and-cash-theft-in-bhilwara-7649251/
Comments
Post a Comment