जनसंख्या स्थायित्व में बेहतर कार्य पर किया सम्मानित
भीलवाड़ा में विश्व जनसंख्या दिवस एवं पखवाड़े पर नगर परिषद सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में जिले में परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत उल्लेखनीय कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान जनसंख्या स्थिरता पखवाडे के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए योग्य दंपत्तियों में सीमित परिवार व बच्चों में अंतराल रखने के प्रति जनजागृति पैदा की गई।
कलक्टर आशीष मोदी ने जनसंख्या स्थायित्व के क्षेत्र में बेहतर कार्य कर जिले को राज्य में शीर्ष जिलों में पहुंचाने पर समस्त चिकित्साकर्मियों, नर्सिंग कर्मियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ता और जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले सभी कार्मिकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुरुष नसबंदी महिला नसबंदी से अपेक्षाकृत सरल प्रक्रिया है। इसके लिए उन्होंने सभी चिकित्साकर्मियों व जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने क्षेत्र में आमलोगों को जागरूक करें और पुरुष नसबंदी को भी बढ़ावा दे।
सहाड़ा विधायक गायत्री देवी त्रिवेदी ने कहा कि प्रदेश ही नहीं पूरा देश बढती हुई जनसंख्या के दंश से पीडित है। इसके नियंत्रण के लिए अपनी सोच को बदलना होगा। जिला परिषद सीईओ डॉ. शिल्पा सिंह, अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने भी सम्बोधित किया। समारोह में सीएमएचओ डॉ. मुस्ताक खान ने परिवार कल्याण कार्यक्रमों के बारे में बताया। अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सीपी गोस्वामी ने परिवार कल्याण की सेवाओं के फायदों की जानकारी दी। समारोह में पीएमओ डॉ अरूण गौड़, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य पवन कुमार, डॉ. सुरेश चौधरी उपस्थित थे। संचालन पंडित अशोक व्यास ने किया।
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/awarded-for-better-work-in-population-stability-7668942/
Comments
Post a Comment