बीडीओ की आईडी हैक कर उठाए 10 लाख, अंतरराज्यीय गैंग का सरगना गिरफ्तार
भीलवाड़ा. सदर थाना पुलिस ने सुवाणा विकास अधिकारी की आईडी हैक कर स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण के लिए दी जाने वाली दस लाख रुपए की राशि का गबन करने वाले अंतरराज्यीय गैंग के सरगना को शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने भीलवाड़ा के अलावा प्रदेश के कई जिलों में इस तरह की वारदात को अंजाम दिया।
थानाप्रभारी जगदीश प्रसाद ने बताया कि 22 फरवरी 2022 को सुवाणा पंचायत समिति के विकास अधिकारी अभिषेक शर्मा ने मामला दर्ज कराया था। परिवादी ने बताया कि पंचायत समिति की ओर से स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत निर्मित कराए जाने वाले व्यक्तिगत शौचालय के लाभार्थियों को बारह-बारह हजार रुपए की राशि का भुगतान ऑनलाइन भुगतान प्रक्रिया से योजना के राज्य स्तरीय खाते से किया जाता है। निदेशालय की ओर से मिली सूची में 85 अभ्यार्थियों का भुगतान हो रहा। जबकि विकास अधिकारी की ओर से भुगतान के लिए कोई ओटीपी नहीं भेजा गया। किसी ने विकास अधिकारी की आईडी को हैक करके बिना ओटीपी के भुगतान उठा लिया। इस पर मामला दर्ज किया गया। जांच के बाद राजीवनगर, जोधपुर निवासी शिशपाल उर्फ सुभाष जाणी को गिरफ्तार किया। उसके सहयोगी की तलाश की जा रही है।
मेट का करते थे काम, इसलिए कार्यशैली से परिचितपूछताछ में सामने आया कि आरोपी शिशपाल और उसका सहयोगी गोरधनराम दोनों जोधपुर में ग्राम पंचायत में मनरेगा में मेट का काम करते थे तथा ई-मित्र की दुकान भी चलाते थे। इसके चलते इनका जोधपुर जिले के फलौदी पंचायत समिति में आना-जाना था। वहां से आरोपियों ने भुगतान प्रक्रिया को समझा व बीडीओ की एसएसओ आईडी व पासवर्ड चुरा लिया। गत 4 फरवरी व 5 फरवरीी को अवैध तरीके से राजस्थान के कई पंचायत समितियों के खंड विकास अधिकारियों की आईडी हैक करके पासवर्ड डालकर सर्वर में प्रवेश कर खाते से राशि अपने और परिचितों के खाते में डलवा दी। आरोपियों ने टोंक, अजमेर, भीलवाड़ा, सवाईमाधोपुर, अलवर, पाली, जोधपुर, जैसलमेर, गंगानगर समेत कई जिलों में वारदात की। आरोपी शिशपाल के खिलाफ पूर्व में धोखाधड़ी के कई मुकदमे है। इनमें से कइयों में चालान भी पेश हो गया।
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/bhilwara-news-bhilwara-hindi-news-7683864/
Comments
Post a Comment