वारंट तामील कराने गए सिपाही से बदसलूकी, कार्रवाई के डर से चौकी के बाहर आत्महत्या का ड्रामा
शक्करगढ़ थाना क्षेत्र के अमरगढ़ चौकी के बाहर रविवार को नाटकीय घटनाक्रम हुआ। वारंट तामील कराने गए सिपाही से बदसलूकी करने वाले युवक ने आठ दिन बाद रविवार को कार्रवाई के डर से अमरगढ़ चौकी के बाहर शराब में कीटनाशक मिलाकर पी लिया। इससे पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया। इसकी सूचना परिजनों को दी गई। उसे निकट अस्पताल ले जाया गया। वहां से भीलवाड़ा रैफर कर दिया गया, जहां युवक की हालत सामान्य है।
जानकारी के अनुसार, 19 जून को अमरगढ़ चौकी का कांस्टेबल रामराजसिंह रतनपुरा में शम्भूलाल दरोगा के खिलाफ जमानती वारंट के गवाह की तामील कराने गया। कांस्टेबल रामराज के साथ पहले शम्भू ने फोन पर गाली-गलोच की थी। घर पहुंचने पर सिपाही से बदसलूकी की। कांस्टेबल ने उसे थाने चलने को कहा तो भाग गया। उसे पुलिस कार्रवाई का डर सता रहा था।
खुद के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं करने का दबाव बनाने की मंशा से रविवार को शम्भू शराब में कीटनाशक मिलाकर अमरगढ़ चौकी के बाहर पहुंचा। वहां उसने थोड़ा कीटनाशक गटक लिया। यह देखकर चौकी के पुलिसकर्मियों के हाथ-पैर फूल गए। उन्होंने शम्भूलाल के परिजन और सरपंच गोपालसिंह नरूका को सूचना दी। मौके पर पहुंचे सरपंच नरूका और कांस्टेबल रामराज उसे काछोला अस्पताल ले गए। पुलिस के अनुसार शम्भू कांस्टेबल से बदसलूकी मामले में केस दर्ज नहीं कराने के लिए पुलिस पर दबाव बनाना चाहता था। इसलिए उसने यह ड्रामा किया।
मेरे घर पर रुक, वहीं आता हूं
कोटडी न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेशानुसार शम्भूलाल दरोगा के जमानती वारंट गवाह की तामील कराने गया। फोन करने पर उसने गाली-गलोच की। उसे वारंट तामील कराने काे कहा तो बोला-मेरे घर पर रुक, वहीं आता हूं। घर आने पर बदसलूकी करने लगा। शम्भू ने कहा, उसकी मुकदमे में कोई गवाही नहीं है। ये कहकर घर से भाग गया।
- रामराजसिंह, कांस्टेबल, अमरगढ़ चौकी,
.....
पुलिस पर दबाव की मंशा थी
शम्भू ने कांस्टेबल से बदसलूकी की। पाबंद कराने की कार्रवाई के डर से पुलिस पर दबाव बनाना चाहा। चौकी के बाहर आकर शराब में कीटनाशक दवा मिलाकर पीने का ड्रामा किया। युवक बजरी माफिया है। कुछ दिन पहले काछोला व शक्करगढ़ थाने में अवैध बजरी परिवहन मामले में दो बार कार्रवाई होने से पुलिस से खफा था। इसलिए पुलिस पर दबाव बनाने के लिए ड्रामा किया।
- कुलदीपसिंह, थानाप्रभारी, शक्करगढ़,
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/misbehavior-with-the-soldier-who-went-to-get-the-warrant-served-the-d-7617913/
Comments
Post a Comment