वीडियो कॉल कर पत्नी से कहा- मैं मर रहा हूं, फिर कमरे में फंदे पर झूल गया
भीलवाड़ा. हमीरगढ़ थाना क्षेत्र के बीलियाकलां गांव में उत्तरप्रदेश के रहने वाले युवक ने फैक्ट्री परिसर में बने कमरे में फंदे पर झूलकर जान दे दी। आत्महत्या से पूर्व उसने यूपी में अपने गांव में रह रही पत्नी को वीडियो कॉल कर मरने की बात कही। उसके बाद फंदे पर झूल गया। हमीरगढ़ पुलिस ने शनिवार को परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम करवा कर शव को सौंप दिया। मृतक का एक साल पूर्व ही विवाह हुआ था। प्रथमदृष्टया पत्नी से मनमुटाव आत्महत्या का कारण माना जा रहा है।
थानाप्रभारी हनुमानराम विश्नोई के अनुसार उत्तरप्रदेश के कन्नौज जिले के गोगाई निवासी अमर उर्फ सागर शाक्य [38] क्षेत्र के बीलियाकलां स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था। उसने शुक्रवार को गांव बैठी पत्नी रेणु से वीडियो कॉल पर बात की। उसने पत्नी से कहा कि मैं मर रहा हूं। उसके बाद उसने फोन काट दिया। यह सुनकर पत्नी हरकत में आ गई। उसने फैक्ट्री में काम करने वाले परिचित दिनेश को कमरे में अमर को देखकर आने की बात कही।
यह भी पढ़ें : वीडियो : नमक उद्यमी हत्याकांड: नावां में बाजार बंद, धरने में पहुंचे भाजपा नेता
लोहे का गेट कटवाया, एंगल पर झूलता मिला
दिनेश फैक्ट्री परिसर में बने कमरे में गया। वहां खिड़की से झांककर देखा तो अमर पंखे के एंगल पर झूलता मिला। यह देखकर उसके होश उड़ गए। उसने शोर मचाया तो बड़ी संख्या में श्रमिक वहां जमा हो गए। सूचना पर हमीरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अंदर से बंद लोहे के गेट को तुड़वाया गया। फंदे से अमर के शव को उतार कर जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी पहुंचाया। पुलिस ने परिजनों को इसकी जानकारी दी । मृतक के जीजा विजय कुमार के आने के बाद शनिवार को पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौप दिया गया। मृतक का मोबाइल जब्त कर लिया गया। पुलिस के अनुसार अमर का विवाह एक साल पूर्व ही हुआ था। पति-पत्नी में मनमुटाव चल रहा था। इसके चलते पत्नी गांव में रह रही थी।
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/a-man-commits-suicide-in-bhilwara-7532594/
Comments
Post a Comment