revenue department मंत्रीजी! ध्यान दीजिए, आपके जिले में राजस्व महकमा बेहाल
जयप्रकाश सिंह
भीलवाड़ा. राजस्व मंत्री के जिले में उनका महकमा बेहाल है। भले ही गांवों में प्रशासन गांव के तहत शिविर लगाकर राजस्व प्रकरणों के निस्तारण के दावे किए जा रहे है, लेकिन लम्बे समय से ग्रामीण इलाकों की प्रशासनिक व्यवस्था बिगड़ी हुई है। तहसीलदार से लेकर पटवारी तक के अधिकांश पद रिक्त है। अतिरिक्त चार्ज देकर जुगाड़ से काम चलाया जा रहा है। ग्रामीण कार्यों के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। हालात ये है कि जिम्मेदार अधिकारी नहीं होने से कई राजस्व न्यायालयों में लम्बे समय से सुनवाई नहीं हो रही। विभिन्न राजस्व अधिकारियों की अदालतों में हजारों मुकदमें लम्बित है। प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत शिविरों के संचालन के लिए आनन-फानन में कई तहसीलों में नायब तहसीलदारों नियुक्त कर तहसीलदार का चार्ज दिया गया।
मंत्री के विधानसभा मुख्यालय पर ही तहसीलदार नहीं
हाल में मंत्रिमंडल पुनर्गठन में मांडल विधायक रामलाल जाट को केबिनेट मंत्री बनाते राजस्व महकमे की जिम्मेदारी दी गई है। उनके मंत्री बनने के बाद लोगों को आस जगी कि जिले में राजस्व महकमे की हालत सुधरेगी। उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, कानूनगो, पटवारी के रिक्त पद भरे जाएगें। मांडल में लम्बे समय से तहसीलदार का पद रिक्त है। भीलवाड़ा के उप पंजीयक को यहां का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है। यहां सहायक जिला कलक्टर का पद भी लम्बे समय से रिक्त है। इस पद का अतिरिक्त चार्ज उपखण्ड अधिकारी के पास है।
कोटड़ी में न एसडीएम और न तहसीलदार
जिले के सबसे बड़े उपखण्ड क्षेत्र कोटड़ी में लम्बे समय से उपखण्ड अधिकारी और तहसीलदार का पद रिक्त है। जरूरी कामकाज निबटाने के लिए मांडलगढ़ के उपखण्ड अधिकारी को यहां का अतिरिक्त चार्ज दिया है, जबकि तहसीलदार का चार्ज नायब तहसीलदार का है। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले एक साल से यहां उपखण्ड मजिस्ट्रेट के यहां विचाराधीन प्रकरणों में सुनवाई नहीं हो पा रही।
यहां नहीं है तहसीलदार
जिले में तहसीलदार के 18 पद हैं। इनमें 12 पद रिक्त है। मांडल, आसींद, मांडलगढ़, जहाजपुर, कोटड़ी, हुरड़ा, रायपुर, सहाड़ा, हमीरगढ़, बदनोर, फूलियाकलां में तहसीलदार नहीं है। जिला मुख्यालय पर निर्वाचन शाखा में तहसीलदार का पद रिक्त है। नगर विकास न्यास में तहसीदार के रिक्त पद का चार्ज बिजौलियां के नायब तहसीलदार को दे रखा है।
एक के पास तीन हल्कों का चार्ज
जिले में पटवारियों के 531 पद स्वीकृत हैं। इसमें 337 पद रिक्त हैं। केवल 194 पटवारी पूरे जिले की राजस्व गाड़ी खींच रहे हैं। एक पटवारी के पास तीन पटवार हल्का का चार्ज है। पिछले दिनों आंदोलन के दौरान पटवारियों ने मूल हल्के के अलावा अन्य पटवार सर्कि ल का कार्य करने से इनकार कर दिया था और वहां का राजस्व रिकार्ड तहसील में जमा करा दिया था। जिले में भू अभिलेख निरीक्षक के 170 पदों में से 27 रिक्त चल रहे हैं।
जिले में राजस्व महकमें की स्थिति
पदनाम स्वीकृत रिक्त
अतिरिक्त जिला कलक्टर 2 नहीं
उपखण्ड अधिकारी 16 1
सहायक कलक्टर 3 3
तहसीलदार 18 12
उपपंजीयक 2 1
नायब तहसीलदार 48 10
भू अभिलेख निरीक्षक 170 27
पटवारी 531 337
---
शिविर समाप्ति पर भरेंगे पद
प्रशासन गांव के संग शिविरों में लोगों के राजस्व सम्बन्धी अधिक से अधिक कार्य हो रहे हैं। शिविर समाप्त होने के बाद रिक्त पदों को भरने की कवायद की जाएगी।
रामलाल जाट, राजस्व मंत्री
टीम वर्क से काम
राजस्व महकमें में अधिकारियों और कर्मचारियों की कमी है, लेकिन हम टीम वर्क से काम कर रहे हैं। गांवों में शिविरों में बेहतर काम हो रहा है।
शिव प्रसाद नकाते, जिला कलक्टर भीलवाड़ा
राजस्व काम प्रभावित
राजस्व महकमे में एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, गिरदावर व पटवारी के कई पद लम्बे समय से खाली है। इससे राजस्व संबंधित काम प्रभावित हो रहे हैं। प्रशासन गांव के संग अभियान का भी लाभ ग्रामीणों को राजस्व रिकार्ड का संधारण पूरा नहीं होने से नहीं मिल पा रहा है।
शक्ति सिंह कालियास, अध्यक्ष सरपंच संघ, भीलवाड़ा
कार्य बोझ बढ़ गया
जिले में पटवारियों के आधे से अधिक पद रिक्त है। एक-एक पटवारी के जिम्मे तीन-तीन पटवार मण्डल का कार्य भार है, इससे पटवारी पर कार्य का बोझ बढ़ गया है। काम समय पर नहीं होने से जनता भी परेशान है। पुरानी भर्ती प्रक्रिया को बहाल किया जाए ताकि गृह जिले के लिए 80 फीसदी पद आरक्षित हो सके और नौकरी मिलने के बाद तबादला करा के अन्य जिलों में लौट जाने की व्यवस्था समाप्त हो सके।
सौमित्र दाधीच, जिलाध्यक्ष, पटवार संघ, भीलवाड़ा
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/respected-minister-pay-attention-your-revenue-department-is-introuble-7202071/
Comments
Post a Comment