सभापति ने न्यास से मांगा परिषद के हिस्से का पैसा
भीलवाड़ा।
नगर परिषद सभापति राकेश पाठक ने कहा कि नगर विकास न्यास अगर संजय कॉलोनी, धांधोलाई समेत अन्य कॉलोनियों को परिषद को नहीं सौंपती है तो फिर वहां सफाई का कार्य बन्द करवा दिया जाएगा। उन्होंने न्यास से लम्बे समय से बकाया परिषद के हिस्से का पैसा देने की मांग की। पाठक ने मंगलवार को नगर परिषद में आयोजित प्रशासन शहरों के संग अभियान की प्रगति जानने के लिए जिला कलक्टर शिवप्रसाद एम नकाते व क्षेत्रीय उपनिदेशक स्थानीय निकाय जोन अजमेर डीडीआर अनुपमा टेलर के समक्ष यह बात कही। दोनों ने शिविर स्थल पर अब तक की प्रगति की जानकारी ली। पाठक ने कहा कि न्यास लम्बे समय से भूखण्ड नीलामी की १५ प्रतिशत राशि भी नहीं दे रही है। इस पर न्यास सचिव अजय कुमार आर्य ने कहा कि वे नगर परिषद क्षेत्र में करोड़ों का विकास कार्य करवा चुके है। पाठक ने कहा कि दीपावली पर परिषद ने भी शहर के ८० प्रतिशत हिस्से में पेच वर्क करवाया है। जबकि न्यास ने कुछ भी नहीं किया है। पाठक ने सेक्टर प्लान का मुद्दा भी उठाया।
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/the-chairman-asked-the-trust-for-the-share-of-the-council-7144073/
Comments
Post a Comment