साली के ससुराल में पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, पत्नी-साले समेत ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप

भीलवाड़ा. शक्करगढ़ थाना क्षेत्र के बरोदा पंचायत के नवलपुरा में मंगलवार को युवक का उसकी साली के ससुराल में संदिग्ध हालात में पेड़ पर शव लटका मिला। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने मृतक की पत्नी व साले समेत ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते शक्करगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस जांच कर रही है।
थानाप्रभारी छोटूलाल ने बताया कि ग्रामीणों ने नवलपुरा में सड़क किनारे तालाब के पास पेड़ पर युवक का शव लटका देखा। बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। मृतक की पहचान देवपुरा के छाबडि़या के राजाराम मीणा (२३) के रूप में की। परिजन भी मौके पर पहुंचे। कोहराम मच गया। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव उतारा। मृतक के पिता रामप्रसाद मीणा ने हत्या का मामला दर्ज कराया। इसमें राजाराम की पत्नी, उसकी दो साली, साढू व साले के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया। परिवादी ने आरोप लगाया कि उसकी बहू ने राजाराम को फोन करके खुद की बहन के ससुराल बुलाया। वहां पहुंचने के बाद राजाराम के धक्का-मुक्की करते गला दबाकर हत्या कर दी। मामले को आत्महत्या बताने के लिए पेड़ पर शव लटका दिया।



source https://www.patrika.com/bhilwara-news/dead-body-of-a-young-man-found-hanging-on-a-tree-in-sister-in-law-s-in-7041067/

Comments