पिंकी के एहसान तले दबा था कुलदीप, उसकी शादी में निभाई थी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
भीलवाड़ा. काछोला थाना क्षेत्र के धामनिया गांव में खाखला व्यापारी देबी सिंह की गला रेतकर हत्या के मामले में गिरफ्तार मृतका की पत्नी पिंकी कंवर को शनिवार को अदालत में पेश किया। जहां से उसे पूछताछ के लिए दो दिन का पुलिस रिमाण्ड दिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि पिंकी कंवर के एहसान तले उसकी बहन का दामाद कुलदीप दबा हुआ था। इसी एहसान को चुकाने के लिए उसने देबी सिंह की हत्या में भूमिका निभाई। मुख्य आरोपी कुलदीप के हाथ नहीं आने के विरोध में ग्रामीणों ने शनिवार को धामनिया में बाजार बंद रखे। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल गांव में तैनात रहा।
थानाप्रभारी कुलदीप गुर्जर ने बताया कि विजयपुर (बस्सी) हाल भीलवाड़ा लेबर कॉलोनी निवासी कुलदीपसिंह और दो साथियों की तलाश में विशेष टीम का गठन किया गया है। कुलदीप के लेबर कॉलोनी और जवाहरनगर में छिपने के सम्भावित स्थानों पर दबिश दी गई। इधर, पिंकी कंवर को भीलवाड़ा स्थित अदालत में पेश कर दो दिन के रिमाण्ड पर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि पिंकी कंवर ने ही अपनी भांजी से कुलदीप की शादी करवाई थी। यहां तक की शादी का खर्चा भी पिंकी कंवर ने ही उठाया था। शादी के बाद एक माह तक कुलदीप और भांजी को घर में ही रखा था। इसी अहसान से कुलदीप दबा हुआ था। पिंकी कंवर ने पति को रास्ते से हटाने के लिए कुलदीप को जिम्मेदारी दी। पुलिस के अनुसार कुलदीप के हाथ आने के बाद पता चलेगा कि उसने अपनेदो साथियों को वारदात को अंजाम देने के लिए क्या प्रलोभन दिया। वारदात को को लेकर धामनिया में बाजार बंद रहे। दोपहर बाद पूर्व जिला प्रमुख शक्तिसिंह हाड़ा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने राज्यपाल के नाम उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन दिया। हाड़ा ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में आपराधिक वारदात बढ़ रही है। आमजन में दहशत का माहौल है।
यह था मामला
धामनिया निवासी देबीसिंह (४२) की गत २२ अगस्त को मोटरसाइकिल पर आए तीन जनों ने गला रेतकर हत्या कर दी। हत्यारों ने तीन गोलियां भी चलाई। इस मामले में पुलिस ने जांच के बाद मृतक की पत्नी पिंकी कंवर को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/kuldeep-was-buried-under-pinky-s-favor-played-an-important-responsibi-7037227/
Comments
Post a Comment