टीकाकरण में हमीरगढ़ अव्वल, कोटड़ी सबसे फिसड्डी

भीलवाड़ा।
भीलवाड़ा जिले में टीकाकरण गति पकड़ने लगा है। पिछले दस दिनों में जिले में करीब 2 लाख लोगों को टीके लगाए गए है। जिले मे अब तक 63 प्रतिशत लोगों को पहली डोज लग चुकी है। टीकाकरण की यहीं रफ्तार रही तो अगले दस दिनों में जिले के 80 प्रतिशत लोगों के पहली डोज लग जाएगी। अब तक जिले में हमीरगढ़ टीकाकरण में अव्वल हैं, वही कोटड़ी क्षेत्र सबसे पीछे चल रहा है। हमीरगढ क्षेत्र में 60 हजार 311 लोगों के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 51 हजार 186 जनों को पहली डोज लगाकर 85 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर लिया है, जबकि कोटड़ी क्षेत्र में 1 लाख 31 हजार 98 लोगों के मुकाबले 63 हजार 274 के ही टीके लगा पाए है। यह लक्ष्य का केवल 48 फीसदी है। जिले में 29 अगस्त तक 18 लाख 7 हजार 818 लोगों में से 11 लाख 30 हजार 408 लोगों को पहली डोज लग चुकी है। अब जिले में 6 लाख 77 हजार 410 लोग शेष है।
60 हजार डोज मिली
आरसीएचओ डॉ. संजीव शर्मा ने बताया कि भीलवाड़ा को सोमवार को 60 हजार डोज और मिली है। यह सभी डोज लगने के साथ ही जिला कुल मिलाकर 15 लाख डोज से ऊपर पहुंच जाएगा। इसी तरह डोज मिलती रही तो जल्द ही जिले में 80 प्रतिशत से अधिक लोगों को प्रथम डोज लगा दी जाएगी।
आज यहां लगेगी डोज
शर्मा ने बताया कि मंगलवार को 18 वर्ष से ऊपर वाले आयु वर्ग के लिए कोविशील्ड की प्रथम व द्वितीय डोज तथा कोवैक्सीन की द्वितीय डोज का वेक्सीनेशन शहर के सात सेन्टरों पर किया जाएगा। वैक्सीन ऑनलाइन शेड्यूल करके स्लॉट के अनुसार ही किया जाएगा। कोविशील्ड की प्रथम एमजीएच में लगेगी। कोविशील्ड की दूसरी डोज सुभाषनगर डिस्पेंसरी, काशीपुरी, चंद्रशेखर आजाद नगर, पुर तथा शास्त्रीनगर डिस्पेंसरी में लगेगी। जबकि कोवैक्सीन की दूसरी डोज चपरासी कॉलोनी डिस्पेंसरी में लगेगी।
नहीं मिला संक्रमित
डिप्टी सीएमएचओ डॉ. घनश्याम चावला ने बताया कि सोमवार को भी एक भी संक्रमित नहीं मिला। जबकि 230 जनों के सैम्पलों की जांच की गई थी। हालांकि भीलवाड़ा में 4 एक्टिव केस है।
--------
टीकाकरण में जिले की स्थिति एक नजर में
उपखण्ड क्षेत्र लक्ष्य लगे प्रतिशत शेष
हमीरगढ़ 60311 51186 85% 9125
सुवाणा 88401 71377 81% 17024
भीलवाड़ा 266659 209191 78% 57468
गंगापुर 101367 71339 70% 30028
बनेड़ा 93669 60324 64% 33345
बदनोर 54078 33143 61% 20935
शाहपुरा 83742 50304 60% 33438
गुलाबपुरा 104065 62284 60% 41781
आसीन्द 135977 80082 59% 55895
फुलियाकलां 71645 41843 58% 29802
मांडल 99381 55929 56% 43452
करेड़ा 79989 44938 56% 35051
जहाजपुर 160945 90029 56% 70916
रायपुर 75175 39847 53% 35328
मांडलगढ 131182 68763 52% 62419
बिजोलिय 70134 36555 52% 33579
कोटड़ी 131098 63274 48% 67824
योग 1807818 1130408 63% 677410



source https://www.patrika.com/bhilwara-news/hamirgarh-tops-in-vaccination-kotri-the-worst-in-bhilwara-7039498/

Comments