हैड कांस्टेबल के मकान से नकदी समेत लाखों के गहने पार

भीलवाड़ा. जहाजपुर क्षेत्र के कुराडि़या स्थित माताजी का खेड़ा में चोरों ने हैड कांस्टेबल के मकान से तीन लाख की नकदी समेत लाखों का माल पार कर ले गए। वारदात के समय परिवार घर में सोया हुआ था। छत के रास्ते मकान में घुसे चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। इस सम्बंध में रिपोर्ट जहाजपुर थाने में दी गई।

थानाप्रभारी हरीश सांखला के अनुसार पारोली थाने पर तैनात हैड कांस्टेबल रतनसिंह मीणा का पैतृक गांव माताजी का खेड़ा (कुराडि़या) में है। देर रात चोर छत के रास्ते से घुसे। कमरे में अलमारी को चाबी से खोल दिया। उससे तीन लाख रुपए नकद, दो चांदी की कडि़यां, दो चांदी की पायजब, सोने की चेन, दो जोड़ी सोने की झुमरिया, दो नाक की बालियां समेत पांच लाख के गहने चुरा लिए। घटना के समय परिजना कमरे तथा कुछ बरामदे में सोए थे। शनिवार जाग होने पर परिजनों को घटना का पता चला। अलमारी खुली मिली और कमरे में सामान बिखरा था। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। हैड कांस्टेबल के पुत्र मुकेश ने थाने पर रिपोर्ट दी। पुलिस के अनुसार जिस कमरे में अलमारी से गहने पार हुए उस कमरे का ताला नहीं लगा था। अलमारी की चाबी उसके ऊपर ही रखी हुई थी। इससे चोरों को ज्यादा देर तलाशने में नहीं लगी। मकान के बाहर पुलिसकर्मी की पुत्री सोई हुई थी। पास ही कमरे में अन्य परिजन थे।



source https://www.patrika.com/bhilwara-news/lakhs-of-ornaments-including-cash-crossed-from-head-constable-s-house-6983785/

Comments