घर के बाहर तेज आवाज में बात करने पर टोका, हमले में घायल युवक ने अस्पताल में तोड़ा दम
भीलवाड़ा. मांडल थाना क्षेत्र के ब्यावर मार्ग स्थित रावो का खेड़ा चौराहे पर घर के बाहर शोर कर रहे लोगों को टोकना युवक को भारी पड़ गया। उलाहना देने पर एक गुट ने युवक और उसके साथी पर हमला कर दिया। हमले में गम्भीर रूप से घायल युवक को उदयपुर ले जाया गया। वहां देर रात दम तोड़ दिया। पुलिस ने उदयपुर में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया। मृतक के चचेरे भाई की रिपोर्ट पर हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ जनों को हिरासत में लिया।
थानाप्रभारी राजेन्द्र गोदारा ने बताया कि रायला थाना क्षेत्र के कावलिया निवासी पाबू सिंह (३०) साथी हिम्मतसिंह, कुंदन सुवालका व विश्वेन्द्रसिंह के साथ रात में धुंवाला के निकट होटल पर खाना खाने गया। खाना खाकर कुंदन साथी पाबूसिंह को छोडऩे मोटरसाइकिल पर उसके घर जा रहा था। रास्ते में कुंदन को उसके घर के बाहर कुछ युवक जोर-जोर से बात करते मिले। कुंदन ने युवकों को टोका। इससे दूसरे गुट के लोग कुंदन और पाबूसिंह से झगड़े पर उतारू हो गए।
गया साथियों को बुलाने गया तो पीछे से हमला
कुंदन झगड़ा कर रहे युवकों की निकट खड़ी जीप लेकर अपने साथियों को होटल से बुलाने चला गया। पीछे से जीप गायब देख बातचीत कर रहे युवकों ने वहां खड़े पाबूसिंह पर हमला कर दिया। उसके सिर पर पत्थर से वार किया। इससे वह लहूलुहान होकर गिर गया।
लौटा तो आरोपी भागे, एक की कर दी धुनाई
कुंदन साथियों को लेकर लौटा तो आरोपी भागने लगे। खून से लथपथ पाबू जमीन पर गिरा मिला। भागते हुए आरोपियों में से कुंदन और उसके साथियों ने बनेड़ा के सत्यनाराण लुहार को पकड़ लिया। उसकी जमकर धुनाई कर दी। इससे वह भी जख्मी हो गया। झगड़े की सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने पाबू और सत्यनारायण को भीलवाड़ा ले गई। वहां से हालत गम्भीर होने से पाबू को उदयपुर रैफर कर दिया। उदयपुर में पाबू ने दम तोड़ दिया। एएसपी चंचल मिश्रा व डीएसपी सुरेन्द्र कुमार समेत आसपास के थानों से जाप्ता सोमवार को मौके पर पहुंचा। माण्डल पुलिस ने मृतक पाबू के चचेरे भाई अमरसिंह की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज किया।
जीप चलाने को लेकर कर रहे थे बात
पूछताछ में सामने आया कि बनेड़ा के सत्यनारायण लुहार, गोपालसिंह, महेन्द्रसिंह समेत कुछ लोग हिसनिया (केरिया) में मुण्डन संस्कार में शामिल होने आए थे। वहां से जीप से लौट रहे थे। जीप सत्यनारायण चला रहा था। सत्यनारायण को जीप चलाने को लेकर साथियों ने टोका। इस पर रावो का खेड़ा चौराहे पर जीप रोककर सभी तेज आवाज में बात कर रहे थे। तभी बाइक पर वहां कुंदन और पाबू पहुंच गए।
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/interrupted-on-talking-loudly-outside-the-house-the-young-man-injured-6920969/
Comments
Post a Comment