महिला ने चार साल के बेटे के साथ मालगाड़ी के आगे कूदकर दी जान
भीलवाड़ा. गुलाबपुरा थाना क्षेत्र के भीलवाड़ा- अजमेर रेलमार्ग पर रूपाहेली कलां गांव के निकट महिला ने चार साल के बेटे के साथ मालगाड़ी के आगे कूदकर जान दे दी। गुलाबपुरा थाना पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा कर शव पीहर पक्ष को सौंप दिया। मृतका के पिता ने पति, सास समेत चार जनों के खिलाफ दहेज के लिए परेशान कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार रूपाहेली कलां निवासी अन्नू (३०) पत्नी चम्पालाल खटीक दोपहर में चार साल के बेटे नीतेश को साथ लेकर ससुराल से निकल गई। उसने देबीपुरा रेलवे फाटक और भोजरास रेलवे स्टेशन के बीच मालगाड़ी के आगे बेटे के साथ छलांग लगा दी। इससे मां-बेटे की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर दोनों के शव को १०८ एम्बुलेंस से गुलाबपुरा अस्पताल लाया गया। वहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मृतका के पिता बरसनी निवासी रघुनाथ खटीक अस्पताल पहुंचे। पिता ने मृतका के पति चम्पालाल, सास पांची देवी तथा दो अन्य के खिलाफ दहेज के लिए परेशान करने तथा आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव पिता के सुपुर्द कर दिया।
नौ साल पहले हुई शादी
पुलिस के अनुसार मृतका अन्नू का विवाह नौ साल पूर्व चम्पालाल के साथ हुआ था। अन्नू के दो बेटे थे। बड़ा बेटा आठ साल का हिमांशु तथा छोटा बेटा चार साल का नीतेश था। पीहर पक्ष ने आरोप लगाया कि अन्नू को ससुराल वाले दहेज में पांच लाख रुपए लाने के लिए परेशान करते थे। उसके साथ मारपीट की जाती थी। कई बार परेशान होकर अन्नू पीहर चली गई। लेकिन बाद में समझाइश पर ससुराल वाले उसे साथ ले गए। मृतका के पिता रघुनाथ ने बताया कि बुधवार को भी अन्नू के साथ ससुराल वालों ने मारपीट की। उसके बाद उसे घर से निकाल दिया। इससे परेशान होकर वह मालगाड़ी के आगे कूद गई।
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/woman-commits-suicide-by-jumping-in-front-of-goods-train-along-with-fo-6925109/
Comments
Post a Comment