सरकारी व निजी अस्पतालों में ऑनलाइन देख सकेंगे बेड की स्थिति
भीलवाड़ा।
कोरोना महामारी के इस कठिन समय में राज्यभर में कोविड मरीजों का इलाज कर रहे सरकारी एवं निजी चिकित्सालय में उपलब्ध बेड की सूचना को ऑनलाइन पोर्टल पर लाइव कर दिया गया है। इस लाइव पोर्टल के माध्यम से सभी अस्पतालों में उपलब्ध सामान्य बेड, बेड विद ऑक्सीजन तथा आईसीयू में वेंटिलेटर और वेंटिलेटर के बिना उपलब्ध बेड की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। इस पोर्टल पर प्रत्येक अस्पताल के जिला स्तर पर इंचार्ज तथा संबंधित जिले के इंचार्ज और कंट्रोल रूम के फोन नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की असुविधा की स्थिति में मरीज या मरीज के परिजनों की ओर से इन नंबरों पर संपर्क स्थापित किया जा सके। हालांकि यह पोर्टल सुबह १० बजे तथा शाम को रात ८ बजे ही अपडेट होती है। ऐसे में सुबह दिखाए गए रिक्त बेड की दिन में क्या स्थिति है, यह पता करने में मुश्किल हो रही है। यह सूचना पब्लिक डोमेन पर उपलब्ध होने की वजह से मरीजों एवं उनके परिजनों को बेड ढूंढने के संबंध में आ रही समस्याओं का निराकरण हो सकेगा।
कालाबाजारी पर कार्रवाई होगी
उधर जन अनुशासन पखवाड़े में कालाबाजारी रोकने के लिए हेल्पलाइन नंबर का प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए गए है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की ओर से कोविड-19 महामारी में बेहतर आपदा प्रबंधन के लिए उपभोक्ता वस्तुओं की कालाबाजारी करने वाले व्यापारियों के विरूद्ध संयुक्त कार्रवाई के आदेश जारी किए है। राज्य सरकार ने कोरोना संक्रमण के दौरान 3 मई तक जन अनुशासन पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। ऐसे में आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई तथा उनके मूल्य पर नियंत्रण रखने के लिए कलक्टर, जिला रसद अधिकारियों से कहा है कि वे अपने जिलों में वस्तुओं की कालाबाजारी किसी भी सूरत में नहीं होने दें। आमजन की शिकायतों तथा मुख्यालय की हेल्प लाइन से भेजे गए फीड बैक पर तुरंत टीम भेजकर कार्रवाई करें।
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/beds-can-be-seen-online-in-hospitals-in-bhilwara-6820884/
Comments
Post a Comment