अब तक 35 लाख का कोविड जुर्माना, फिर भी लापरवाह
भीलवाड़ा। नौ माह में कोविड गाइड लाइन का उल्लंघन पर शहर में उपखंड कार्यालय (एसडीएम) की टीम ने कुल 35 लाख रुपए का जुर्माना वसूला और लोगों को पाबंद किया। इसके बावजूद शहर में लोग कोरोना महामारी को लेकर अभी तक पूर्ण रूप से जागरूक नहीं हुए है। खास कर शादी समारोह को लेकर तो आयोजक मनमानी ही किए हुए है।
शहर में कोरोना संक्रमण महामारी से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने कड़ा रूख अपनाया है। उपखंड कार्यालय, नगर परिषद, पुलिस थाना, यातायात पुलिस की टीमें लोगों को कोविड गाइड लाइन की पालना करने के लिए लगातार दौड़ रही है। 20 मार्च 2020 से लेकर 26 अप्रेल 2021 के बीच में अकेले एसडीएम टीम अभी तक कई बड़ी कार्रवाई कर चुकी है। इस अवधि के दो माह (लॉकडाउन) को छोड़ कर बारह माह के भीतर एसडीएम टीम ने करीब 100 कार्रवाई की है।
छह माह में पन्द्रह लाख का जुर्माना
कोरोना काल की पहली लहर में उपखंड टीम ने शहर में रिसोर्ट या होटल को कोविड लाइन की पालना सुनिश्चित नहीं करने पर सील की कार्रवाई नहीं की। इस अवधि में 14 होटल व रिसोर्ट में कार्रवाई करते हुए संचालकों पर २५ हजार रुपए तक का जुर्माना लगाया है। वर्ष 2020 में उपखंड टीम ने कार्रवाई के दौरान गाइड लाइन की पालना नहीं करने पर कुल छह माह में १५ लाख रुपए का जुर्माना वसूला है। यह जुर्माना सोशल डिस्टेंस की पालना नहीं होने के साथ ही मास्क ना पहनने व कोविड गाइड लाइन की पालना नहीं करने पर की गई है।
एक माह में ७४ दुकानें सील
कोरोना की दूसरी लहर कही अधिक खतरनाक होने पर एसडीएम ओमप्रभा ने कही अधिक सख्ती शहर में दिखाई है। उनकी टीम ने शहर में व्यापारियों, प्रतिष्ठान संचालकों व राहगीरों को कोविड की पालना नहीं करने पर बड़ी कार्रवाई तक की है। महज एक माह में टीम अभी तक तीन विवाह स्थल सील कर चुकी है। इसी प्रकार भीड़ होने पर कचौरी, पकोड़ी की स्टाल समेत 74 दुकानें सील कर चुकी है। इनमें न्यू क्लाथ मार्केट की 15 दुकानें भी शामिल है। एसडीएम टीम कुल मिला कर कोरोना संकट काल में 35
लाख रुपए का जुर्माना वसूल कर चुकी है।
दुकान ही छोड़ भागें
एसडीएम ओमप्रभा व उनकी टीम को देख कर लापरवाह लोग व दुकानदारों में खौफ नजर आने लगा है। ओम प्रभा को देख कर दुकानदारों के दुकान को छोड़ कर भाग छूटने की भी कई घटनाएं सामने आई है। इसी प्रकार एमजीएच के सामने तो दुकानदार टीम को देख कर ही घबरा गया और दुकान में महिला खरीदार होने के बावजूद शटर नीचे गिरा कर बाहर आ गया। टीम ने बाद में दुकान ही सील कर दी, दुकानदार के बाद में बताने पर ताला खोल कर महिलाओं को बाहर निकाला गया।
बेवजह घर ना निकले
कोरोना महामारी की गंभीरता को लोगों को समझना चाहिए, एक व्यक्ति की लापरवाही से 125लोग कोरोना संक्रमित हो सकते है। शादी समारोह को लेकर आयोजकों को भी कोविड गाइड लाइन की पालना करना चाहिए, कफ्र्यू के दौरान लोगों को घरों में रहना चाहिए, बेवजह घरों से बाहर नहीं आना चाहिए। मास्क व सोशल डिस्टेंस जरूरी है।
ओम प्रभा, उपखंड अधिकारी, भीलवाड़ा
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/kovid-fine-of-35-lakhs-so-far-still-negligent-6822719/
Comments
Post a Comment