बजरी माफियाओं के हौसले, छुड़ा ले गए बजरी के ट्रैक्टर
भीलवाड़ा। शक्करगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस कार्रवाई के दौरान जब्त बजरी की दो ट्रैक्टर ट्रोली कुछ लोग पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट कर छुड़ा ले गए। पुलिस ने प्रकरण में चार नामजद व तीन अन्य जनों पर राजकीय बाधा व अन्य कई धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार भरनी चेकपोस्ट पर ड्यूटी खत्म होने के बाद रविवार को कांस्टेबल विक्रम व कुलदीप अमरगढ़ चौकी लौट रहे थे। रास्ते में अवैध बजरी से भरे दो ट्रैक्टर पाए जाने पर उन्होंने जप्त कर लिया और उसे लेकर अमरगढ़ चौकी की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान अवैध बजरी दोहन में लिप्त लोग कार से पीछा करते हुए आ गए और अमरगढ़ के निकट मेगा हाईवे पर ट्रैक्टरों को रूकवा लिया।
इन्होंने कांस्टेबल कुलदीप व विक्रम को खींच कर ट्रैक्टरों से नीचे उतार दिया। गाली गलौज करते हुए धक्का- मुक्की व मारपीट की। आरोपितों में शामिल रजवास निवासी राहुल मीणा, धनराज मीणा, शंकर बलाई व मोटरसाइकिल सवार खजूरी निवासी सोजी उर्फ डालू मीणा
दोनों ट्रैक्टर को छुड़ा ले गए। पुलिस टीम ने बाद में पीछा कर एक ट्रैक्टर को बीच सड़क पर बजरी खाली करते समय वापस पकड़ लिया जिसे चौकी में खड़ा किया।
ऐसी घटना बर्दाश्त नहीं
पुलिस उपाधीक्षक महावीर शर्मा ने बताया कि रविवार को अमरगढ़ चौकी पुलिस ने बजरी के दो ट्रैक्टर पकड़े थे। कुछ लोग पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट व बदसलूकी कर छुड़ा ले गए। इसी प्रकार की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मामले में पुलिस ने 6 से 7 जनों के खिलाफ राजकीय कार्य में बाधा व अन्य धाराओं पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/gravel-mafia-gets-fresh-got-rid-of-gravel-tractors-6759325/
Comments
Post a Comment