शहर के दस वार्डों में सफाई के लिए मांगे 150 कर्मचारी
भीलवाड़ा।
शहर के दस वार्डों में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर परिषद ने ठेके पर सफाई श्रमिक लेना तय किया है। हर वार्ड में 15 सफाई कर्मी लगाए जाएंगे। इन ठेकों पर सालाना १.६७ करोड़ रुपए खर्च होंगे। नगर परिषद को इन दस वार्डों के लिए 150 सफाई कर्मी अतिरिक्त मिलेंगे। नगर परिषद सभापति राकेश पाठक व आयुक्त दुर्गा कुमारी की उपस्थिति में टेंडर कमेटी ने टेंडर खोले। टेंडर कमेटी में अधीशासी अभियन्ता अखेराम बड़ोदिया, सहायक अभियन्ता दिनेश मीणा व सहायक लेखाधिकारी गोविंद बंग शामिल थे। आयुक्त कक्ष में टेंडर खोलने की पूरी प्रक्रिया सभी निविदादाताओं के समक्ष की गई। वार्ड नंबर 5, 8, 15, 18, 22, 26, 42, 61, 65 व 69 के लिए सफाईकर्मियों के टेंडर खोले गए। हर वार्ड में 13-14 टेंडर आए। पाठक ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में पहले 55 वार्ड थे। इस बार 15 वार्ड बढ़ गए। अब 70 वार्ड हो गए हैं। परिषद में जमादार सहित स्थायी सफाई कर्मचारी 1219 हैं। ऐसे में वार्डों में सफाईकर्मियों की कमी महसूस की जा रही है। एक वार्ड में सफाईकर्मियों के ठेके पर 16 लाख 73 हजार रुपए वार्षिक खर्च आएगा। जिनके टेंडर खुले हैं, उन फर्मों को दो-तीन दिन में वर्कऑर्डर दे दिया जाएगा। वे एक अप्रेल से वार्डों में सफाई कार्य शुरू कर देंगे। नए सफाईकर्मियों के टेंडर से सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा। दूसरी और जिन वार्डो के लिए टैण्डर खोले गए है। उस वार्ड के पार्षद ठेके के सफाई कर्मचारी नहीं चाहते है। ऐसे में नगर परिषद अधिकारियों के सामने इन ठेके के कर्मचारियों से किस वार्ड में काम कराया जाएगा यह भी अभी संशय हो सकता है।
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/150-employees-sought-for-cleaning-in-ten-wards-of-the-city-in-bhilwara-6768076/
Comments
Post a Comment