कलक्टर-एसपी ने किया पोलिंग बूथों का निरीक्षण
भीलवाड़ा।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर शिवप्रसाद एम नकाते व पुलिस अधीक्षक विकास शर्मा ने गुलमंडी सहित भीतरी शहर के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान कर्मचारियों से मतदान के बारे में जानकारी ली। वे तंग गलियों में पैदल घूमे। इस दौरान उनके साथ भारी पुलिस जाप्ता था। नगर परिषद व गंगापुर नगर पालिका के लिए नियुक्त चुनाव पर्यवेक्षक ओमप्रकाश कसेरा ने विभिन्न पोलिंग बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रोटोकॉल अधिकारी डॉ. जीएल चावला व अन्य अधिकारी साथ रहे।
सर्वाधिक प्रत्याशी भीलवाड़ा, सबसे कम गंगापुर में
जिले के 7 नगर निकायों में हो रहे चुनाव में सर्वाधिक 285 प्रत्याशी भीलवाड़ा नगर परिषद के 70 वार्डों में हैं। वहीं सबसे कम 62 उमीदवार गंगापुर नगर पालिका के 25 वार्डों में।
पुरुषों से अधिक महिला मतदाता
जिले में चार नगर पालिकाएं ऐसी भी हैं, जहां मतदाता सूची में पुरुषों से अधिक महिला मतदाताओं के नाम हैं। ये पालिकाएं हैं आसींद, जहाजपुर, मांडलगढ़ व शाहपुरा। यह महिलाओं की जागरुकता का परिचायक है।
२०० मीटर की परिधी में दुकाने बन्द
मतदान केन्द्र के २०० मीटर की परिधी क्षेत्र में स्थित सभी दुकानों को बन्द करवा दिया गया था। इसके कारण आस-पास की सभी दुकाने बन्द रही। मतदान केन्द्र सड़क किनारे होने के बाद भी पुलिसकर्मी मतदाताओं को अपने वाहन दूर खड़े करवा रहे थे। इससे कई वरिष्ठ लोगों को परेशानी की सामना करना पड़ा। कई लोग तो पैदल नहीं चल पा रहे थे, लेकिन उन्हें पुलिस के जवानों ने सहारा तक नहीं दिया।
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/collector-sp-inspected-polling-booths-in-bhilwara-6656788/
Comments
Post a Comment