आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना के नवीन चरण का शुभारंभ
भीलवाड़ा।
आयुष्मान भारत महात्मा गांधी राजस्थान स्वास्थ्य बीमा योजना के नवीन चरण का प्रदेश में शनिवार से प्रारंभ हुआ। आमजन को इस योजना के तहत सामान्य बीमारी के लिए 50 हजार एवं गंभीर बीमारी के लिए साढ़े चार लाख रुपए तक का प्रति परिवार प्रति वर्ष बीमा होगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बटन दबाकर डिजिटल तरीके से योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने योजना के नए लोगो व साइनबोर्ड का विमोचन किया। इस अवसर पर कहा कि इस योजना के माध्यम से राजस्थान स्वास्थ्य सेवाओं में अग्रणी रहें, और कामयाबी के साथ आगे बढ़ेंगे।
इस अवसर पर जिला स्तर से जिला कलक्टर शिवप्रसाद एम नकाते, सीएमएचओ डॉ. मुस्ताक खान, एमजीएच अधीक्षक डॉ. अरुण गौड, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. शलभ शर्मा, जिला स्तरीय अधिकारी व कार्मिंक मौजूद रहे।ब्लॉकों से वीसी के माध्यम से ब्लॉक स्तरीय अधिकारी भी जुड़े।
कैसे मिलेगा योजना का लाभ
जिला कलक्टर नकाते ने बताया कि योजना में खाद्य सुरक्षा योजना के पात्र लाभार्थी और आर्थिक एवं सामाजिक आधारित जनगणना (एसईसीसी) सर्वे में चयनित लोग इसमें शामिल होंगे। लाभार्थी परिवार की पहचान जन आधार कार्ड के माध्यम से की जाएगी। इन्हें इंपेनल्ड निजी व सरकारी अस्पतालों में भर्ती होने पर नि:शुल्क उपचार सुविधा मिलेगी। विगत योजना में पोर्टेबिलिटी सुविधा देय नहीं थी लेकिन इस योजना में यह सुविधा होगी। पात्र परिवार को योजना का लाभ लेने के लिए जन आधार कार्ड पर राशन कार्ड नंबर, परिवार के प्रत्येक सदस्य का आधार कार्ड नंबर और एसईसीसी का लाभार्थी परिवार होने पर 24 अंको का हाऊस होल्ड नंबर ईमित्र के माध्यम से सीड करवाएं। वहीं जो भी निजी अस्पताल योजना से जुडना चाहते हैं वे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते है। इस बार योजना के तहत स्थानीय निवासी सहित अन्य राज्यों के लाभार्थी आमजन भी लाभान्वित हो सकेंगे।
कितनी बीमारियों का होगा इलाज
योजना के तहत 1572 प्रकार की बीमारियों के पैकेज शामिल किए गए हैं। इन पैकेज के अलावा कोविड.19 एवं डायलिसिस का ईलाज भी राज्य सरकार की ओर से देय होगा। योजना के तहत पूर्व की सभी बीमारियां कवर होंगी। परिवार के आकार व आयु की कोई सीमा बाध्य नहीं होगी। एक वर्ष तक के शिशु बिना परिवार कार्ड में नाम के भी योजना मे कवर होंगे। विगत योजना में तीन लाख रुपए तक की बीमा राशि लाभार्थी को इलाज के लिए मिलती थी लेकिन इस बार सामान्य बीमारियों के लिए 50 हजार एवं चिन्हित गंभीर बीमारियों के लिए साढ़े चार लाख रुपए का बीमा कवर प्रतिवर्ष होगा। वहीं मरीज के भर्ती होने के पांच दिन पहले एवं मरीज के डिस्चार्ज होने के 15 दिवस बाद की दवाईयां भी चयनित पैकेज में शामिल होंगी।
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/new-phase-of-ayushman-bharat-health-insurance-scheme-launched-6660173/
Comments
Post a Comment