लापरवाह अधिकारियों पर गिरी गाज
भीलवाड़ा। माण्डलगढ़ क्षेत्र के सारण का खेड़ा गांव में जहरीली शराब से चार जनों की मौत की घटना को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गंभीरता से लिया। गहलोत ने समूचे मामले की जांच संभागीय आयुक्त को सौंपते हुए पन्द्रह दिन में रिपोर्ट तलब की। उन्होंने लापरवाही बरतने पर मांडलगढ़ डिप्टी, जिला आबकारी अधिकारी, सहायक आबकारी अधिकारी को निलंबित कर दिया। मांडलगढ़ आबकारी थाना प्रभारी व निरीक्षक समेत सभी स्टाफ कर्मियों भी निलंबित कर दिया।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर माण्डलगढ़ पुलिस उपाधीक्षक विनोद कुमार मीणा, माण्डलगढ़ थानाप्रभारी मनोज जाट, जिला आबकारी अधिकारी मुकेश देवपुरा, सहायक आबकारी अधिकारी महिपालसिंह, आबकारी थाना प्रभारी सरदार सिंह व निरीक्षक विकास शर्मा समेत समूचे माण्डलगढ़ आबकारी थाने के स्टाफ कर्मियों को निलंबित कर दिया। वहीं मांडलगढ़ थाने के बीट प्रभारी जगदीशचन्द्र व बीट कांस्टेबल शिवराज को भी लापरवाही पर निलंबित किया है।
तीन दुकानें सीज, लिए गए सेम्पल
घटना के बाद हरकत में आए आबकारी विभाग ने सारण का खेड़ा से पांच किलोमीटर की परिधि में स्थित महुआ, मानपुरा और धामनिया स्थित तीन शराब की दुकानों को सीज कर दिया । साथ ही इन दुकानों से सेम्पल लिए गए। जिन्हें अजमेर लैब में भेजा जाएगा। सेम्पल की रिपोर्ट आने तक दुकान सीज रहेगी।
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/careless-officers-fell-6658243/
Comments
Post a Comment