शराब ठेके के दो सेल्समेन पर चाकू से हमला, नकदी व मोबाइल छीना, एक सेल्समेन ने तोड़ा दम

भीलवाड़ा. शहर के चित्तौडग़ढ़ रोड पर नवनिर्मित ओवरब्रिज के निकट मोटरसाइकिल पर जा रहे शराब ठेके के दो सेल्समेन को रोककर वैन में आए कुछ लोगों ने चाकू से हमला किया। सेल्समेन की जेब से दस हजार रुपए तथा मोबाइल छीनकर लुटेरे भाग गए। जख्मी हालत में दोनों सेल्समेन को महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया। उनमें से एक को विजयसिंह पथिकनगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां तड़के एक सेल्समेन ने दम तोड़ दिया। प्रतानगर थाना पुलिस ने लूट और हत्या का मामला दर्ज किया। घटना से आक्रोशित लोगों ने शराब ठेकेदार से मुआवजा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर मोर्चरी के बाहर प्रदर्शन किया। इससे वहां एक घण्टे तक गहमा-गहमी की स्थित रही। पुलिस अधिकारियों की समझाइश पर मामला शांत हुआ।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्रसिंह जोधा ने बताया कि चित्तौडग़ढ़ रोड पर सम्राट होटल के निकट कालका वाइंस के नाम से शराब की दुकान है। उस दुकान पर गेंजरा (गंगरार) निवासी लादूलाल सुवालका (३४) व गेंदलिया निवासी सत्यनारायण सुवालका (४०) कार्यरत है। रात ग्यारह बजे दोनों मोटरसाइकिल पर ठेके से पटेलनगर स्थित मकान पर जा रहे थे। चित्तौडग़ढ़ रोड पर ओवरब्रिज के नीचे मीरा सर्किल की ओर घूमते ही सौ मीटर दूर पहुंचे थे कि वैन में आए कुछ लोगों ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे दोनों बाइक से नीचे गिर गए।

मारपीट कर किया अधमरा, चाकू से हमला कर भागे

वैन से उतरते ही तीन-चार जनों ने दोनों सेल्समेन से मारपीट कर दी। दोनों के विरोध करने पर उन पर चाकू से हमला कर दिया।दोनों लहूलुहान हो गए। सेल्समेन की जेब से दस हजार और मोबाइल छीनकर वैन लेकर लुटेरे भाग गए। वहां से गुजर रहे लोगों ने दोनों को जख्मी हालत में देखा। सूचना पर प्रतापनगर थाना पुलिस वहां पहुंची। दोनों को महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया। इनमें सत्यनारायण को निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां सत्यनारायण तड़के दम तोड़ दिया। सूचना पर देर रात एएसपी गजेन्द्रसिंह जोधा, डीएसपी सिंह, प्रतापनगर थानाप्रभारी भजनलाल मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का जायजा लेकर सेल्समेन लादूलाल से घटना की जानकारी ली।

मोर्चरी के बाहर जमा हुए लोग, मुआवजे की मांग

सेल्समेन की हत्या का पता चलते ही सुवालका समाज के बड़ी संख्या में लोग और शराब कारोबार से जुड़े लोग महात्मा गांधी अस्पताल स्थित मोर्चरी के बाहर जमा हो गए। आरोपियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग पर प्रदर्शन करने लगे। शराब ठेकेदार से मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे थे। एएसपी जोधा व डीएसपी सिंह भी वहां पहुंचे। समझाइश पर मामला शांत हुआ। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौप दिया।

एक पखवाड़े पहले हुई बेटी, उठा बच्चों के सिर से साया

समाज के लोगों ने बताया कि सत्यनारायण के एक पखवाड़े पहले ही बेटी हुई। इससे पहले दो बच्चे है। तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। सत्यनारायण बुजुर्ग माता-पिता और परिवार का लालन-पालन कर रहा था। उसकी हत्या से परिवार पर वज्रपात हुआ।

देखा सीसी टीवी फुटेज, शराब पीते देखे गए

पुलिस ने शराब ठेके पर लगे सीसी टीवी फुटेज को खंगाला। सामने आया कि रात पौने आठ बजे कुछ लोग वैन में आए थे। ठेके से शराब खरीदी थी और कुछ दूरी पर बैठकर शराब पी। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों का पता कर रही है। पुलिस का मानना है कि वारदात से पहले रैकी हुई। उसके बाद घटना को अंजाम दिया। लूट के अलावा भी अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर पुलिस जांच कर रही है। ठेके से शनिवार रात साढ़ आठ बजे दिनभर की कलेक्शन राशि ठेकेदार को पहुंचा दी गई थी। एेसे में दस हजार रुपए ही सेल्समेन के पास थे।

कातिलों का सुराग नहीं लगने पर करेंगे आंदोलन
अखिल राजस्थान सुवालका संघ ट्रस्ट के प्रवक्ता कैलाश सुवालका हलेड ने कहा कि जल्द ही कातिलों का सुराग नहीं लगने पर समाज प्रदर्शन करेगा। घटना से समाज में गहरा आक्रोश है। ट्रस्ट अध्यक्ष कैलाश सुवालका सांगानेर, महामंत्री सत्यनारायण पायरा, श्यामलाल पारोली, उपाध्यक्ष लादू लाल, आमा सरपंच गोपाल सुवालका, पूर्व अध्यक्ष सुंदर लाल सुवालका, सवाईपुर सरपंच महावीर सुवालका ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।



source https://www.patrika.com/bhilwara-news/two-salesmen-of-liquor-contracts-attacked-with-knife-snatching-cash-a-6598491/

Comments

Popular posts from this blog

भीलवाड़ा के 70 वार्डो में पड़े मत प्रतिशत की स्थिति

भीलवाड़ा का हर दसवां शख्स रोजाना खाता है कचौरी

श्रुत पंचमी पर जिनवाणी की निकाली शोभायात्रा