स्वास्तिक में लगी आग, एक घंटे अफरा तफरी सब सुरक्षित
भीलवाड़ा
शहर के रमेश चन्द्र व्यासनगर स्थिति स्वास्तिक हॉस्पीटल के भूतल में रविवार रात नौ बजे शार्ट सर्किट से लगी आग से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि आग पर तुरंत काबू पा लिया गया, लेकिन आग बुझाने में प्रयुक्त सिलेंडर से उठे धुएं से हॉस्पीटल में प्रथम मंजिल से लेकर तीसरी मंजिल तक भर्ती ६७ मरीज व उनके परिजन घबरा उठे। ऐसे में हालात और विकट हो गए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यहां स्थिति पूर्णत नियंत्रित में हो गई। हॉस्पीटल परिसर में स्थिति सामान्य होने के बाद यहां से निकटवर्ती हॉस्पीटल में रेफर किए 25 रोगियों को भी वापस यहां ले आया गया। इसी बीच घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला कलक्टर शिव प्रसाद एम नकाते, पुलिस अधीक्षक प्रीति चन्द्रा, एडीएम (प्रशासन) राकेश कुमार, सिटी रिछपाल बुरड़क, सीएमएचओ डॉ. मुस्ताक खान, नगर परिषद आयुक्त दुर्गा कुमारी तथा शहर के सभी थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। दूसरी तरफ जिला कलक्टर ने शहर में स्थिति निजी चिकित्सालयों में आग की घटना से निपटने के लिए किए गए व्यवस्थाओं की जांच के निर्देश दिए। इसके लिए उन्होंने चार सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। इसमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, एवीएनएल, नगर परिषद व सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को शामिल किया है।
रमेश चन्द्र व्यासनगर में राजीव गांधी ऑडिटोरियम के निकट स्थित तिल मंजिला स्वास्तिक हॉस्पीटल के भूतल से रविवार रात नौ बजे ऑक्सीजन पैनल में शार्ट सर्किट के कारण धुआं उठता देख कर यहां मौजूद लोग सन्न रह गए। एकाएक धुआं गहराने से यहां अफरा-तफरी मच गई। यहां प्रथम, द्वितीय व तृतीय मंजिल पर भर्ती मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए परिजन मशक्कत करने लगे। वहीं कई लोग तो हो हल्ला करते हुए नीचे सड़क पर आ गए। हॉस्पीटल की लिफ्ट भी जाम हो गई। केंटीन व वेंटिग हाल में मौजूद भी खुद के बचाव में दौड़ पड़े, आग की खबर कुछ ही देर में क्षेत्र में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग चिकित्सालय के बाहर आ गए। सुभाष नगर थाना प्रभारी पुष्पा कसोटिया मय जाप्ते मौके पर आ गई और कुछ ही देर में नगर परिषद की दमकलें भी मौके पर आ गई। हॉस्पीटल प्रबंधन व पुलिस जाप्ते ने भाग-दौड़ कर रहे लोगों को समझाया कि आग पर काबू पा लिया गया। सभी मरीज सुरक्षित है।
.................................
स्वास्तिक हॉस्पीटल के निदेशक डॉ. हरीश मारू ने बताया कि भूतल में आक्सीजन पैनल के पास लगे वायरिंग में शॉर्ट सर्किट से आग लगी। स्टाफ व लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाई और आग बुझाने में प्रयुक्त सिलेंडर एक के बाद एक 16 खाली कर दिए। इससे आग तुरंत बुझ गई, लेकिन सिलेंडर से उठे धुएं से भूतल के बाद हॉस्पीटल मेंफैल गया। इससे लोग व भर्ती मरीज भयभीत हो गए। उन्होंने कहा कि एक घंटे में पूरी स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। हॉस्पीटल में सभी रोगी व उनके परिजन सुरक्षित है।
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/swastik-caught-fire-all-safe-in-one-hour-in-bhilwara-6546269/
Comments
Post a Comment