लोग मंदिरों में जाकर खेएंगे धूप
भीलवाड़ा।
दिगम्बर जैन समाज की ओर से शुक्रवार को सुगन्ध दशमी का पर्व मनाया जाएगा। शहर के कुछ जैन मंदिरों में अभिषेक पूजा आदि के साथ भगवान शीतलनाथ की पूजा विशेष रूप से की जाएगी। दोपहर दो बजे के बाद नर-नारी सपरिवार शहर के विभिन्न जैन मन्दिरों में जाकर भगवान के आगे अग्नि में धूप खेएंगे। सुगन्ध दशमी पर्व के महत्व पर मुनि सुधासागर महाराज ने बताया कि पूर्वजन्मों के कर्मों की निर्जरा तप एवं तपस्या से होती है एवं शास्त्रों के अनुसार पूर्वजन्म में उपार्जित दुष्कर्मों की निर्जरा के लिए तरह-तरह के तप एवं व्रत, उपवास आदि विधान बताए गए हैं एवं
सुगन्ध दशमी भी ऐसा ही एक व्रत शास्त्रों में बताया गया है।
आमलियों की बारी स्थित बड़ा मंदिर के प्रवक्ता पवन अजमेरा ने बताया कि सुगन्ध दसमी का पर्व सादगी एवं प्रशासनिक आदेशों की पालना के साथ मनाया जाएगा। दोपहर 1.30 से 5.30 बजे तक मंदिर खुला रहेगा। सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखते हुए पांच-पांच भक्तों को मंदिर में प्रवेश करने दिया जाएगा। मंदिर में प्रवेश से पूर्व उनकी थर्मामीटर से जांच की जाएगी। हैंड वास या सैनिटाइजर करने के बाद उन्हें मंदिर में प्रवेश करने दिया जाएगा। हर वर्ष सुगन्ध दसमी पर शाकाहार वाहन रैली निकाली जाती थी। वह इस बार निरस्त कर दी गई है। आरके कॉलोनी स्थित आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष नरेश गोधा ने बताया कि जैन समाज के दस लक्षण पर्व का बड़ा महत्व है। इसमें सुगन्ध दसमी पर परिवार का हर सदस्य दोपहर को शहर के सभी मंदिरों में जाकर धूप खेते है, लेकिन कोरोना काल के कारण मंजिर के द्वार तो खुले रहेंगे, लेकिन श्रावक मंदिर के अन्दर प्रवेश नहीं करके मुख्य द्वार के पास ही धूप खेने की व्यवस्था की जाएगी ताकि धूप खेने के साथ श्रावक दूसरी सिढियों से नीचे उतर सकें। पांचवे दिन उत्तम सत्य धर्म पर मंदिरों एवं घरों में पूजा पाठ की गई। कई परिवारों ने साधु संतों के सानिध्य में ऑनलाइन पूजा की। मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम हुए। सुबह मंगला मंगलाष्टक के साथ अभिषेक व शांतिधारा हुई।
............
सामूहिक क्षमा याचना के साथ स्वयं सेवकों का सम्मान
भीलवाड़ा . मुख्य डाकघर के सामने स्थित शांति भवन में मैना कंवर के सानिध्य में संघ अध्यक्ष राजेंद्र चिपड की अध्यक्षता में शांति भवन में कार्यरत स्वय सेवको का नियमित सेवाएं देने के लिए सम्मान व सामूहिक क्षमा याचना का कार्यक्रम आयोजित हुआ। शांति जैन महिला मंडल अध्यक्ष बसंता डांगी ने बताया कि कार्यक्रम का प्रारंभ वीर स्तुति से हुआ। मंत्री कनकावती चंडालिया ने बताया कि संवत्सरी महापर्व पर क्षमा याचना दिवस मनाया जाता है। मीडिया प्रभारी मनीष बंब ने बताया कि शांति भवन में कार्यरत स्वयंसेवक दिलीप संचेती, भीखम कुमार, बसंती लाल आंचलिया, विक्रम सिसोदिया का सम्मान किया गया। इस अवसर पर मंडल की संरक्षिका इंदिरा बाफना, रीना सिसोदिया, पदमा दरडॉ, हेमलता खेरवाड़ा, प्रतिभा बडोला, विमला सिसोदिया, बसंता जैन, लता सिसोदिया, अलका बंब, स्नेहलता चौधरी आदि उपस्थित थी।
................
रामदेव जयन्ती आज, नहीं निकलेगी शोभायात्रा
भीलवाड़ा . बलाई समाज नवयुवक सेवा समिति के तत्वावधान में समिति की ओर रामदेव जयंती पर (भादवी दशम) को विशाल वाहन रैली एवं शोभायात्रा का आयोजन किया जाता है । समिति अध्यक्ष पूरण मेघवंशी ने बताया कि इस वर्ष कोरोना के चलते बाबा रामदेव जयन्ती के उपलक्ष्य में वाहन रैली एवं शोभायात्रा का आयोजन नही किया जाएगा। लेकिन समिति सदस्य शुक्रवार दोपहर ३ बजे हरणी महादेव स्थित बाबा रामदेव मंदिर पर आरती कर ध्वजा चढ़ाई जाकर प्रसाद वितरण किया जाएगा।
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/people-will-go-to-temples-and-burn-incense-in-bhilwara-6366003/
Comments
Post a Comment