फेसलेस कर निर्धारण से होगी आसानी
भीलवाड़ा।
फेसलेस कर निर्धारण विषय पर तीन दिवसीय वेबिनार का आयोजन मुख्य आयकर आयुक्त उदयपुर आशीष वर्मा की अध्यक्षता में हुई। इस योजना की घोषणा गत 13 अगस्त को ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन ने की थी। वेबिनार में उदयपुर, कोटा, अजमेर, सवाई माधोपुर, बून्दी, राजसमन्द, चित्तौैडग़ढ़, डूंगरपुर जिलों के सीए व टेक्स बार एसोसिएशन तथा ट्रेड एसोसिएशन के सदस्यों ने हिस्सा लिया। वेबिनार उदयपुर चेम्बर ऑफ कॉमर्स के तत्वावधान में हुई। वेबिनार में वर्मा ने बताया कि आयकर कानून के तहत फेसलेस कर निर्धारण किसी व्यक्ति के बजाय टीम आधारित कर निर्धारण होगा, जो करदाताओं को आसानी होगी। इस प्रक्रिया में पहले केवल एक आयकर अधिकारी ही कर निर्धारण करता था लेकिन इस परिवर्तित योजना में कर निर्धारण इकाई, जॉच इकाई, रिव्यू इकाई एवं तकनीकी इकाई के माध्यम से कर निर्धारण किया जाएगा। इसमें आवश्यकता होने पर बयान ऑनलाइन लिए जाएगे। इसमें किसी भी अधिकारी को हस्तक्षेप का अधिकार नहीं होगा। कर निर्धारण भी सिस्टम से ही तय किया जाएगा। उन्होनें कहा कि विशेष बिन्दुओं पर स्पष्टीकरण चाहे जाने पर करदाता को कारण बताओं नोटिस व ड्राफ्ट कर निर्धारण आदेश से भी अवगत कराया जाएगा। उन्होनें कर निर्धारण के साथ-साथ टेक्स पेयर्स चार्टर के सम्बन्ध में भी विस्तृत जानकारी दी। कर निर्धारण के इतिहास में यह एक नई एवं बहुत ही आसान व निष्पक्ष कर प्रणाली है जो कि बहुत ही पारदर्शितापूर्ण, सरल एवं सहज होगी। उन्होनें सभी आयकरदाताओं से कहा कि सही टैक्स सही समय पर भर कर देश को मजबूत बनाऐं।
source https://www.patrika.com/bhilwara-news/faceless-tax-assessment-will-ease-in-bhilwara-6365985/
Comments
Post a Comment